जयपुर: ज्वेलर भाइयों पर फायरिंग, लाठी-सरियों से पीटा; बचाने दौड़ी महिला के पैर में मारी गोली
जयपुर के जामडोली इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने ज्वेलर भाइयों पर फायरिंग कर लाठी-सरियों से हमला किया। उन्हें बचाने दौड़ी महिला के पैर में भी गोली मारने का आरोप है। परिजनों के मुताबिक, बदमाश ज्वेलरी से भरा बैग लूटना चाहते थे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। जयपुर के जामडोली इलाके में बुधवार रात ज्वेलर भाइयों पर जानलेवा हमला हुआ। बाइक सवार बदमाशों ने पहले दोनों भाइयों पर फायरिंग की, फिर स्कूटी से गिरने के बाद करीब तीन मिनट तक लाठी-सरियों से मारपीट की। भाइयों को बचाने के लिए पत्थर लेकर पीछे दौड़ी महिला के पैर में भी गोली मार दी गई। वारदात के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए फरार हो गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। तीनों घायलों को एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शोरूम से घर लौटते समय घेरा, फिर किया हमला जामडोली थाना पुलिस के अनुसार, राधा गोविंद विहार निवासी सोनू स्वर्णकार (35) और निशु सोनी (38) का इसी इलाके में एसआर ज्वेलर्स नाम से शोरूम है। बुधवार रात करीब आठ बजे दोनों भाई स्कूटी से घर लौट रहे थे। शोरूम से करीब 250 से 700 मीटर दूर अंधेरे रास्ते पर बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। निशु सोनी के अनुसार, तीन-चार बदमाश सरिए लेकर आए और उनके बड़े भाई पर हमला कर दिया। बचाने की कोशिश करने पर उन पर भी वार किए गए। दोनों भाइयों ने मदद के लिए शोर मचाया तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। ज्वेलरी से भरा बैग लूटने का आरोप परिजनों का आरोप है कि बदमाश ज्वेलरी से भरा बैग लूटना चाहते थे। विरोध करने पर उन्होंने दोनों भाइयों से मारपीट की और ज्वेलरी के दो-तीन छोटे बॉक्स तथा निशु की सोने की चेन छीन ली। बैग में सोने और चांदी की ज्वेलरी थी। परिवार के मुताबिक, दोनों भाई रोजाना दुकान बंद करने के बाद ज्वेलरी घर लेकर जाते थे। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने पहले से रेकी की थी। हालांकि, वारदात के पीछे की असली वजह की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। भाइयों को बचाने दौड़ी महिला के पैर में गोली हमले के दौरान सामने रहने वाली सीमा गुप्ता (32) भाइयों की मदद के लिए पत्थर लेकर बदमाशों के पीछे दौड़ीं। वह चोर-चोर चिल्लाते हुए आरोपियों को रोकने की कोशिश कर रही थीं। आरोप है कि भागते समय बदमाशों ने उनके पैर में गोली मार दी। सीमा के परिवार के अनुसार, उनके पति आगरा में निजी नौकरी करते हैं और उनकी दो बेटियां हैं। पुलिस की मौजूदगी और देरी पर परिजनों ने उठाए सवाल घायल ज्वेलर के बड़े भाई सुरेंद्र सोनी ने दावा किया कि वारदात में छह-सात बदमाश शामिल थे। उन्होंने बताया कि पुलिस वैन घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर खड़ी थी, लेकिन पुलिस लगभग पांच मिनट बाद पहुंची। सुरेंद्र के अनुसार, बदमाशों ने भाइयों पर दो और महिला पर एक गोली चलाई। नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस एसीपी जितेंद्र सिंह के अनुसार, फायरिंग की सूचना मिलते ही जामडोली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके में नाकाबंदी कराई गई। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 29, 2026, 10:27 IST
जयपुर: ज्वेलर भाइयों पर फायरिंग, लाठी-सरियों से पीटा; बचाने दौड़ी महिला के पैर में मारी गोली #CityStates #Crime #Jaipur #Rajasthan #JaipurCrime #Jamdoli #Firing #JewelleryRobbery #JewellerAttack #RajasthanPolice #JaipurPolice #SmsHospital #CrimeNews #SubahSamachar
