पीईटी: गहने रोके और जूते उतरवाए, तब मिला केंद्रों में प्रवेश, रेलवे स्टेशनों पर परीक्षार्थियों की बढ़ी भीड़
हाथरस जिले में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और कड़े नियमों के साथ हुई। नकल रोकने और परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की गहन तलाशी ली गई। इस दाैरान महिला अभ्यर्थियों के जूड़े खुलवाए गए और सभी परीक्षार्थियों के जूते-मोजे भी उतरवाए गए। इसके अलावा, एआई तकनीक युक्त बायोमीट्रिक के जरिये परीक्षार्थियों का सत्यापन किया। परीक्षा का आयोजन दो पालियों में हुआ। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक आयोजित हुई। दोनों पालियों में 13152 अभ्यर्थियों में से 4421 अनुपस्थित रहे। सुरक्षा की दृष्टि से सड़क से परीक्षा केंद्रों तक पुलिस का कड़ा पहरा रहा। केंद्रों के आसपास वाहन खड़ा करने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहा। सुरक्षा के इंतजामों के तहत परीक्षा केंद्रों में प्रवेश द्वार पर प्रवेश पत्र और मूल पहचान पत्रों की बारीकी से जांच की गई। केंद्र के अंदर एआई तकनीक आधारित बायोमीट्रिक ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी की गई। परीक्षा हॉल के भीतर हर एक परीक्षार्थी की गतिविधि पर सीसीटीवी कैमरों से कड़ी नजर रखी गई। 400 किलोमीटर दूर से आए अभ्यर्थी कई अभ्यर्थी 400 किलोमीटर दूर से आए थे। दूर से आने वाले शनिवार दोपहर में ही अपने घर से चल दिए थे और शनिवार रात में ही शहर में पहुंच गए थे। इन छात्रों ने होटल, नगर पालिका के रैन बसेरों, सिटी स्टेशन एवं बस स्टैंड पर रात बिताई। फतेहपुर से आईं प्रिया तिवारी ने बताया कि उनका सेंटर बागला इंटर कॉलेज में था। वह तड़के पांच बजे केंद्र पर पहुंच गई थीं, जिसके बाद बाहर बैठकर इंतजार किया। रायबरेली से पत्नी को परीक्षा दिलाने आए अमरीश ने बताया कि यहां तक आने के लिए रातभर सफर करना पड़ा। बस से आगरा पहुंचे और फिर वहां से हाथरस के लिए दूसरी बस पकड़ी। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र पास ही बनाने चाहिए।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 26, 2026, 10:35 IST
पीईटी: गहने रोके और जूते उतरवाए, तब मिला केंद्रों में प्रवेश, रेलवे स्टेशनों पर परीक्षार्थियों की बढ़ी भीड़ #CityStates #Hathras #UpPet2026 #PetExam #StrictChecking #PreliminaryExaminationTest #UpssscPet2026 #HathrasNews #SubahSamachar
