Shahjahanpur: ग्राम पंचायत दाउदपुर में बनेगा मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट स्कूल, वित्त मंत्री ने किया शिलान्यास

शाहजहांपुर के भावलखेड़ा ब्लॉक की ग्राम पंचायत दाउदपुर उर्फ मुरादगांव में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय खोला जाएगा। रविवार को वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने स्कूल के भवन का शिलान्यास व भूमि पूजन किया। उन्होंने सरकार की योजनाओं को भी गिनाया। मंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हुए हवन में आहुतियां दीं। इसके बाद बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि विकास की कल्पना तभी कर सकते हैं, जब शिक्षा का क्षेत्र बेहतर होगा। ग्रामीण क्षेत्र की शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए काफी कोशिश की गई है। एक लाख 34 हजार स्कूलों का कायाकल्प हुआ है। जिले में बड़ी संख्या में स्कूलों कायाकल्प किया गया। शिक्षामित्रों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए उनका मानदेय दस हजार से बढ़ाकर 18 हजार कर दिया गया। मुख्यमंत्री अभ्युदय के माध्यम से कोचिंग की व्यवस्था की है। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने भी विचार रखे। बीएसए दिव्या गुप्ता ने बताया कि 2467.50 लाख की लागत से बनने वाले स्कूल के निर्माण की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कारपोरेशन को दी गई है। इस मौके पर सांसद अरुण सागर, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव, एसपी राजेश द्विवेदी, सीडीओ डॉ.अपराजिता सिंह, ब्लॉक प्रमुख राजाराम, वीरेंद्र पाल सिंह यादव, अजय प्रताप यादव, प्रेम कुमार आदि मौजूद रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 22, 2026, 15:00 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Shahjahanpur: ग्राम पंचायत दाउदपुर में बनेगा मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट स्कूल, वित्त मंत्री ने किया शिलान्यास #CityStates #Shahjahanpur #ModelCompositeSchool #School #Education #SubahSamachar