छात्र की मौत का मामला: राजकीय मेडिकल कॉलेज में परिजनों ने किया हंगामा, पिता को घसीटकर चौकी तक ले गई पुलिस
शाहजहांपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज में इलाज में लापरवाही से छात्र अंकित की मौत होने का आरोप लगाकर हंगामा करते परिजनों पर पुलिस ने काफी सख्ती दिखाई। एक वायरल वीडियो में अंकित के पिता विमलेश चौहान को मेडिकल कॉलेज में ही बनी चौकी तक घसीटते हुए ले जाने की बात सामने आई है। वहीं पुलिस का कहना है कि बेवजह के आरोप लगाकर हंगामा किया जा रहा था, जिससे बाकी मरीजों को भी दिक्कत हो रही थी। हंगामा के फुटेज निकलवाकर कार्रवाई की जाएगी। मेरठ-वाराणसी वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आकर रविवार को निगोही के ढकिया तिवारी गांव निवासी अंकित चौहान (16 वर्ष) की मौत हो गई थी। वह इंटरमीडिएट का छात्र था। एसपी राजेश द्विवेदी ने कहा कि रील बनाने के दौरान हादसा हुआ। मामले की जांच के बाद तथ्यों का पता लगेगा। पिता विमलेश चौहान का आरोप है कि ट्रेन की चपेट में आने के बाद भी अंकित जीवित था, लेकिन मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने इलाज नहीं किया और उसे मोरचरी में रखवा दिया। परिजनों ने हंगामा करते हुए ट्रॉमा सेंटर में तोड़फोड़ की। करीब एक घंटे तक विवाद चलता रहा। यह भी पढ़ें-UP:शाहजहांपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज में किशोर की मौत पर हंगामा-तोड़फोड़, लोगों ने डॉक्टर से की अभद्रता परिजनों ने बताया कि एक पुलिसकर्मी ने पिता विमलेश के थप्पड़ जड़ दिए और उन्हें घसीटते हुए चौकी में ले जाकर बंद कर दिया। साथ ही परिवार के दो और सदस्यों को भी बंद कर दिया गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है। वहीं एक घंटे बाद सभी को छोड़ दिया। विमलेश चौहान के साथ किए गए पुलिस के बर्ताव को लेकर परिजनों में काफी नाराजगी है। अंकित विमलेश का इकलौता बेटा था। उनके बुढ़ापे का सहारा था। विमलेश पर क्या बीत रही होगी, उनकी क्या मनोदशा होगी, इसका पुलिस को ध्यान रखना चाहिए था।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 09, 2026, 10:17 IST
छात्र की मौत का मामला: राजकीय मेडिकल कॉलेज में परिजनों ने किया हंगामा, पिता को घसीटकर चौकी तक ले गई पुलिस #CityStates #Shahjahanpur #UttarPradesh #GovernmentMedicalCollege #StudentDeath #Police #SubahSamachar
