Hapur News: किशोरी की मौत के मामले में आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग
सिंभावली। गांव हाजीपुर में शीतल पेय के सेवन के बाद किशोरी की मौत के मामले में सोमवार को परिजनों और ग्रामीणों ने सिंभावली थाने पहुंचकर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई।गांव हाजीपुर निवासी 15 वर्षीय नीति की दो दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मृतका के भाई कुनाल ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि उनकी बहन नीति को आरोपी विवेक द्वारा शीतल पेय दिया गया था। शीतल पेय पीने के बाद नीति की अचानक तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया गया था। परिजनों ने बताया कि मेरठ में उपचार के दौरान अगले दिन नीति की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। परिजनों का आरोप है कि मामले में अब तक आरोपी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। इसी को लेकर सोमवार को बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण सिंभावली थाने पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि मामले की गहनता से जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि मामले की विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 01, 2026, 21:47 IST
Hapur News: किशोरी की मौत के मामले में आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग #HapurNews #SubahSamachar
