Hapur News: हाईवे पर दिल्ली निवासी कार सवार कपड़ा व्यापारी से गन प्वाइंट पर 17 लाख लूटे

हापुड़। हाईवे 09 पर बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम मुरादाबाद से क्लेक्शन लेकर लौट रहे कपड़ा व्यापारी की कार को ओवरटेक कर दो बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर 16.92 लाख रुपये लूट लिए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी गोली मारने की धमकी देकर भाग निकले। व्यापारी ने लूट के बाद दिल्ली पहुंचकर पुलिस को मामले की जानकारी दी। मामले में पुलिस व्यापारी के चालक को ही संदिग्ध मान रही है और उससे पूछताछ कर रही है। दिल्ली के थाना गांधी नगर की राजगढ़ काॅलोनी गली नंबर चार निवासी रतनलाल जैन का कपड़ों का कारोबार है। दर्ज रिपोर्ट में उन्होंने बताया कि रविवार देर शाम चालक लक्ष्य के साथ कार से मुरादाबाद और आसपास के क्षेत्र से पेमेंट की उगाही कर वापस दिल्ली लौट रहे थे। रात करीब 9:30 बजे जैसे ही हाईवे 09 पर बाबूगढ़ के पास शिवा ढाबे के पास पहुंचे तो अचानक पीछे से आई एक कार ने ओवरटेक कर उनकी कार को रोक लिया। इससे पहले की व्यापारी कुछ समझ पाते अचानक कार से उतरे दो नकाबपोश बदमाशों ने पिस्टल के बल पर आतंकित करते हुए उनकी कार में रखे दो थैलाें में भरे 16.92 लाख रुपये लूट लिए। शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी देकर बदमाश फरार हो गए। घटना से व्यापारी इतनी दहशत में आ गए कि उन्होंने दिल्ली जाकर अपने एक भाजपा नेता दोस्त को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। इसके बाद दिल्ली से हापुड़ पुलिस को मामले की सूचना दी गई। देर रात लूट की सूचना मिलते ही पुलिस के होश उड़ गए और मामले की जांच शुरू की गई। पहले व्यापारी घटना स्थल गढ़ कोतवाली बता रहे थे, लेकिन बाद में पता चला कि लूट बाबूगढ़ क्षेत्र में शिवा ढाबे के पास हुई है। एसपी ज्ञानंजय समेत अन्य अधिकारियों ने रात में ही मौके पहुंचकर जांच की। पुलिस ने हाईवे पर लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली। इसके आधार पर पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है। ----- मामले में व्यापारी के चालक की ही भूमिका संदिग्ध-घटना में पुलिस चालक की भूमिका संदिग्ध मान रही है। पुलिस ने चालक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस सूत्रों की माने तो अभी तक की जांच में चालक की संलिप्तता पाई गई है और आशंका है कि उसने ही अपने परिजनों के साथ मिलकर इस लूट की घटना को अंजाम दिया है। अब पुलिस आरोपियों की तलाश और लूटी गई रकम की रिकवरी के लिए लगातार दबिश दे रही है। ऐसे में पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा कर सकती है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 01, 2026, 21:47 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »

Read More:
Hapur news



Hapur News: हाईवे पर दिल्ली निवासी कार सवार कपड़ा व्यापारी से गन प्वाइंट पर 17 लाख लूटे #HapurNews #SubahSamachar