दिवाली के बाद महंगी हो सकती हैं रोजमर्रा की चीजें: पड़ेगी महंगाई की मार, कंपनियां दाम बढ़ाने की तैयारी में

दिवाली के बाद साबुन, बिस्किट, नूडल्स, डिटर्जेंट और खाने-पीने के पैकेटबंद सामान महंगे हो सकते हैं। कच्चे माल की लगातार बढ़ती लागत के बीच हिंदुस्तान यूनिलीवर (एचयूएल), ब्रिटानिया, डाबर और टाटा कंज्यूमर जैसी कंपनियां कीमतें बढ़ाने पर विचार कर रही हैं। कुछ कंपनियां दिसंबर से चुनिंदा उत्पादों के दाम बढ़ा सकती हैं। वजन घटाकर लागत का दबाव कम करने का विकल्प सीमित अब तक कंपनियां कीमतें बढ़ाने के बजाय पैकेट का वजन घटाकर लागत का दबाव कम करती रही हैं। लेकिन इस विकल्प की गुंजाइश भी सीमित होती जा रही है। खासतौर पर 10 रुपये के पारले-जी बिस्किट पैकेट में मात्रा और घटाने की ज्यादा गुंजाइश नहीं है। वजन घटाने से ग्राहक नाराज हो सकते हैं, जबकि कीमत बढ़ाने पर वे दूसरे ब्रांड की ओर जा सकते हैं। पहले भी बढ़ा चुकी हैं कीमतें ब्रिटानिया, एचयूएल, डाबर और गोदरेज कंज्यूमर ने जून तिमाही में ही करीब 2 से 5% तक कीमतें बढ़ाई थीं। सितंबर तिमाही के लिए भी बढ़ोतरी पर विचार किया गया। टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स ने जून से सितंबर के बीच चाय की कीमतें 8 से 10% तक बढ़ाईं। कंपनी ने 30 रुपये वाले नमक के पैकेट की कीमत मई में 32 रुपये और फिर अक्तूबर में 34 रुपये कर दी। प्लास्टिक पैकेजिंग 40% तक हुई महंगी पैकेजिंग की लागत में बढ़ोतरी भी कंपनियों की मुश्किलें बढ़ा रही है। प्लास्टिक पैकेजिंग 40 प्रतिशत तक महंगी हो चुकी है, जिससे उत्पादों की कुल लागत पर दबाव बढ़ रहा है। कम आय वाले परिवारों पर पड़ेगा ज्यादा असर विशेषज्ञों के मुताबिक, कम आय वाले परिवारों पर महंगाई का असर ज्यादा पड़ता है, क्योंकि उनके बजट का बड़ा हिस्सा रोजमर्रा की जरूरतों पर खर्च होता है। बिस्किट, नूडल्स, साबुन, डिटर्जेंट और खाद्य तेल जैसे सस्ते उत्पादों की कीमतों में थोड़ा बदलाव भी खरीदारी को प्रभावित कर सकता है। ये भी पढ़ें: धनतेरस पर जूलर्स ने खोला ऑफर्स का पिटारा: मेकिंग चार्ज में 100% तक छूट; खरीदारी पर कार और स्कूटर जीतने का मौका बढ़ी लागत का बोझ ग्राहकों पर डाल सकती हैं कंपनियां डेटम इंटेलिजेंस के संस्थापक सतीश मीणा के मुताबिक, कंपनियां कुछ समय तक बढ़ी लागत खुद उठाती हैं, लेकिन बाद में ग्राहकों पर इसका बोझ डालते हुए दाम बढ़ा सकती हैं।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 06, 2026, 02:00 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




दिवाली के बाद महंगी हो सकती हैं रोजमर्रा की चीजें: पड़ेगी महंगाई की मार, कंपनियां दाम बढ़ाने की तैयारी में #BusinessDiary #National #Inflation #EverydayProducts #PriceIncreases #RawMaterialCosts #Packaging #SubahSamachar