बिजनेस अपडेट्स: ब्लिंकिट पर एंबुलेंस फ्री नहीं, किराया ₹2500; सेमीकंडक्टर उद्योग में वैश्विक सहयोग अनिवार्य
क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म ब्लिंकिट ने बृहस्पतिवार को गैर-आपात एंबुलेंस बुकिंग के लिए 2,500 रुपये का एक समान शुल्क लागू करने का एलान किया है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि आपातकालीन चिकित्सा जरूरतों के लिए एंबुलेंस सेवा पहले की तरह पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध रहेगी। ब्लिंकिट की मदर कंपनी इटरनल के संस्थापक दीपिंदर गोयल ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जवाब में कहा कि कंपनी ने दो वर्षों में करीब 20 हजार इमरजेंसी मामलों में मुफ्त सेवा दी है। कुल मिलाकर एंबुलेंस 42 हजार मामलों में सेवा दे चुकी हैं। इनके लिए कोई शुल्क नहीं लिया गया। उन्होंने आगे कहा कि नियमित जांच और अस्पताल आने-जाने के लिए एंबुलेंस बुकिंग बढ़ रही है। इससे इमरजेंसी सेवाओं की उपलब्धता प्रभावित होती है। उच्च गुणवत्ता वाली एंबुलेंस के विस्तार की बड़ी चुनौती प्रशिक्षित व संवेदनशील पैरामेडिक्स की उपलब्धता है। 2 से 4 वर्षों में ब्लिंकिट एंबुलेंस को प्रमुख शहरों तक पहुंचाने का लक्ष्य है। भारत का सेमीकंडक्टर उद्योग, वृद्धि के लिए वैश्विक सहयोग अनिवार्य इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत का सेमीकंडक्टर पारिस्थितिकी तंत्र कुशल प्रतिभा और सरकारी योजनाओं से लाभान्वित हो रहा है लेकिन इसकी वृद्धि के लिए वैश्विक प्रौद्योगिकी साझेदारियां और सुदृढ़ आपूर्ति शृंखला अनिवार्य हैं। इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमितेश कुमार सिन्हा ने बताया कि सरकार ने 12 चिप विनिर्माण परियोजनाओं को मंजूरी दी है, जिनमें से पांच का वाणिज्यिक उत्पादन शुरू हो चुका है। इंटरनेशनल सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री ग्रुप (ISIG) द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सिन्हा ने कहा कि भारत की सेमीकंडक्टर रणनीति नीति निर्माण से पारिस्थितिकी तंत्र विकास की ओर बढ़ रही है। ISIG का लक्ष्य उन्नत पैकेजिंग और क्वांटम कंप्यूटिंग प्रौद्योगिकियों में निवेश को बढ़ावा देना है। सरकार का 1.27 लाख करोड़ रुपये का सेमीकॉन 2.0 कार्यक्रम विनिर्माण, अनुसंधान-विकास, प्रतिभा और डिजाइन कंपनियों सहित व्यापक पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण पर केंद्रित है। इस शिखर सम्मेलन के दौरान, ISIG ने बिहार सरकार के साथ राज्य के सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स पारिस्थितिकी तंत्र के विकास के लिए एक समझौता ज्ञापन पर भी हस्ताक्षर किए।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 06, 2026, 02:00 IST
बिजनेस अपडेट्स: ब्लिंकिट पर एंबुलेंस फ्री नहीं, किराया ₹2500; सेमीकंडक्टर उद्योग में वैश्विक सहयोग अनिवार्य #BusinessDiary #National #SubahSamachar
