Kangra News: विवाहिता के अंतिम संस्कार में हंगामा, श्मशानघाट में चले पत्थर और लाठियां

संवाद न्यूज एजेंसीज्वालामुखी (कांगड़ा)। क्षेत्र की भाटी बोहन पंचायत की 26 वर्षीय विवाहिता निकिता की मौत के बाद शुरू हुआ विवाद वीरवार को अंतिम संस्कार के दौरान भी शांत नहीं हुआ। ज्वालामुखी के अष्टभुजा श्मशानघाट में मायके और ससुराल पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए।इस दौरान कहासुनी के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया और दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी हुई और लाठियां भी चलीं। घटना में दो से तीन लोगों को चोटें आने की सूचना है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी करवाई।जानकारी के अनुसार मायके पक्ष की करीब 30 से 40 महिलाएं और ग्रामीण ज्वालामुखी के अधवाणी क्षेत्र से अष्टभुजा श्मशानघाट पहुंचे थे। महिलाओं का आरोप था कि उन्हें बेटी के अंतिम दर्शन तक नहीं करने दिए गए।अंतिम विदाई के समय बेटी का चेहरा नहीं देख पाने से मायके पक्ष में भारी आक्रोश था। इसी बात को लेकर महिलाओं ने विरोध जताया। इस दौरान स्थानीय विधायक के प्रति भी नाराजगी जाहिर की गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच बहस बढ़ गई और तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। इसके बाद पत्थर और लाठीबाजी होने से स्थिति और बिगड़ गई। श्मशानघाट में विवाद बढ़ने की सूचना मिलते ही ज्वालामुखी थाना प्रभारी संदीप पटियाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद तनाव कम हुआ। इसके बाद पुलिस की निगरानी में अंतिम संस्कार करवाया गया। घटना के दौरान किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।शव ससुराल पहुंचने पर भी हुआ था तीन से चार घंटे हंगामानिकिता की मौत के बाद से ही मायके और ससुराल पक्ष के बीच विवाद चल रहा है। बुधवार सुबह लुधियाना से शव ससुराल के गांव खौला, भाटी बोहन पहुंचा तो मायके पक्ष ने विरोध जताया था। उस दौरान भी करीब तीन से चार घंटे तक हंगामे की स्थिति बनी रही। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर मारपीट और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे। वहीं, ससुराल पक्ष का कहना है कि निकिता बीमार थी और उसका उपचार चल रहा था।लुधियाना के अस्पताल में चल रहा था उपचारजानकारी के अनुसार निकिता रविवार से लुधियाना के एक अस्पताल में उपचाराधीन थी, जहां उसकी मौत हो गई। वह अपने पीछे एक साल और तीन माह की दो बेटियां छोड़ गई है। विवाद के बीच पुलिस के हस्तक्षेप के बाद शव का पोस्टमार्टम देहरा अस्पताल में करवाया गया था। फोरेंसिक व पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विशेषज्ञों की राय मिलने के बाद होगी कार्रवाई : एएसपीएएसपी देहरा नवदीप सिंह ने बताया कि मृतका का पोस्टमार्टम देहरा में करवाया गया है। लुधियाना स्थित डीएमसी अस्पताल से उपचार संबंधी रिकॉर्ड और चिकित्सकीय पहलुओं की भी जांच की जाएगी। फोरेंसिक व पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विशेषज्ञों की राय मिलने के बाद ही तथ्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। श्मशानघाट में दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी लेकिन ज्वालामुखी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। इस दौरान कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बना रहा। पत्थरबाजी और लाठीबाजी होने की बातें सामने आई हैं, हालांकि इस संबंध में फिलहाल कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी, अपुष्ट खबर या वीडियो वायरल न करें।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 05, 2026, 17:49 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Kangra News: विवाहिता के अंतिम संस्कार में हंगामा, श्मशानघाट में चले पत्थर और लाठियां #ControversyDeepensOverWoman'sDeath;Stone-peltingOccursAtCremationGroundDuringFuneralRites #SubahSamachar