अतर सिंह भड़ाना हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई: 5 हजार के इनामी समेत तीन और गिरफ्तार; अब तक 22 पकड़े गए

राजस्थान के भरतपुर में पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना हत्याकांड में पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पांच हजार रुपये का इनामी बदमाश भी शामिल है। तीनों आरोपी वैर थाना क्षेत्र के भौंडा गांव के रहने वाले हैं। ताजा गिरफ्तारी के बाद इस मामले में पकड़े गए आरोपियों की कुल संख्या बढ़कर 22 हो गई है। वहीं, फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पांच हजार के इनामी समेत तीन आरोपी गिरफ्तार पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 35 वर्षीय बलराम उर्फ पप्पू पुत्र राजेंद्र सिंह, 50 वर्षीय राजो उर्फ राजू पुत्र लाल सिंह और 44 वर्षीय दानवीर पुत्र राम खिलाड़ी के रूप में हुई है। इनमें दानवीर पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं। क्रशर विवाद के बाद पूर्व विधायक पर हुआ था जानलेवा हमला यह मामला भरतपुर जिले के वैर थाना क्षेत्र के भौंडा गांव का है। पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर की रात क्रशर को लेकर हुए विवाद के बाद पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना पर जानलेवा हमला किया गया था। हमले में गंभीर रूप से घायल भड़ाना को इलाज के लिए जयपुर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कीं। करीब 80 लोगों के खिलाफ दर्ज किया गया मामला पुलिस ने इस हत्याकांड में करीब 80 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इनमें 64 नामजद आरोपी शामिल हैं। इसके अलावा अन्य लोगों की संलिप्तता की भी आशंका जताई गई थी। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने अभियान चलाया और कुछ वांछित आरोपियों पर इनाम भी घोषित किया था। ताजा कार्रवाई के बाद अब तक 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस शेष आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। लापरवाही के आरोप में पुलिसकर्मियों पर भी हुई कार्रवाई हत्याकांड के बाद पुलिस विभाग में भी प्रशासनिक कार्रवाई की गई थी। मामले में लापरवाही के आरोप में वैर थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह और कांस्टेबल पवन कुमार को निलंबित कर दिया गया था। वहीं, तत्कालीन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और वृत्ताधिकारी (सीओ) को एपीओ यानी पदस्थापन की प्रतीक्षा में रखा गया था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हत्याकांड की जांच अभी जारी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Oct 26, 2026, 08:56 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




अतर सिंह भड़ाना हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई: 5 हजार के इनामी समेत तीन और गिरफ्तार; अब तक 22 पकड़े गए #CityStates #Bharatpur #Rajasthan #RajasthanNews #SubahSamachar