सिंगरौली बैंक डकैती: बेऊर जेल से रची गई लूट की साजिश, बिहार से दो आरोपी गिरफ्तार, मास्टर माइंड का खुलासा
जिले के वैढ़न स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में 17 अप्रैल को हुई सनसनीखेज डकैती मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने साजिश में शामिल दो और आरोपियों को बिहार से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान चन्दन उर्फ चईया यादव (21) और गुलशन (19) निवासी खीरूबिगहा, थाना नगरनौसा, जिला नालंदा के रूप में हुई है। दोनों को न्यायालय में पेश कर 7 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि पहले से गिरफ्तार आरोपी कमलेश ने फंटूस, पंकज, राजेश और छोटू के साथ मिलकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। वहीं गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी साजिश रचने और लूट के माल को ठिकाने लगाने में अहम भूमिका निभा रहे थे। ये भी पढ़ें:Datia News:दतिया में महुअर नदी में डूबे दो सगे भाई-बहन, खेलते-खेलते पहुंच गए थे किनारे पर पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बड़ा खुलासा हुआ है कि इस पूरी डकैती का मास्टर माइंड सुबोध सिंह है, जो फिलहाल बेऊर जेल में बंद है। उसने उड़ीसा की कुचिंडा जेल में बंद अपने सहयोगी पीयूष जायसवाल के जरिए इस वारदात को अंजाम दिलाया। इस पूरे ऑपरेशन को पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत और पुलिस उपमहानिरीक्षक हेमंत सिंह चौहान के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने विशेष टीम का गठन किया था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ा गया। फिलहाल पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ जारी है और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। क्या है मामला गौरतलब है कि 17 अप्रैल को वैढ़न स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर लाखों रुपये की लूट की थी। घटना के दौरान फायरिंग भी हुई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी। वारदात के बाद पूरे सिंगरौली जिले में हाई अलर्ट जारी कर पुलिस ने व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया था। शुरुआती जांच में यह मामला सुनियोजित गैंग ऑपरेशन का प्रतीत हुआ, जिसमें बाहरी राज्यों के अपराधियों की संलिप्तता सामने आई थी। बाद में पुलिस ने बिहार और अन्य जगहों से इस डकैती में शामिल कई लोगों को गिरफ्तार भी किया था।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 04, 2026, 06:50 IST
सिंगरौली बैंक डकैती: बेऊर जेल से रची गई लूट की साजिश, बिहार से दो आरोपी गिरफ्तार, मास्टर माइंड का खुलासा #CityStates #Crime #MadhyaPradesh #Singrauli #SingrauliBankRobbery #BeurJailConspiracy #BankOfMaharashtraHeist #BiharAccusedArrested #SingrauliCrimeNews #MastermindExposed #MpPoliceAction #DaylightBankLoot #IndiaCrimeUpdate #SubahSamachar
