Delhi NCR News: डीडीए-यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स कप 2026 में खिलाड़ी दिखाएंगे प्रतिभा का दम

- केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने किया उद्घाटन -28 अक्टूबर से दो नवंबर तक डीटीयू में होंगे मुकाबलेअमर उजाला ब्यूरो नई दिल्ली। दिल्ली के अलग-अलग विश्वविद्यालयों के खिलाड़ी बुधवार से शुरू होने वाले डीडीए-यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स कप 2026 में अपनी प्रतिभा का दम दिखाएंगे। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने मंगलवार को डीडीए रोशनआरा क्लब में टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। इस मौके पर दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू और दिल्ली सरकार के शिक्षा मंत्री आशीष सूद भी मौजूद रहे। दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीटीयू) और दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के संयुक्त आयोजन में हॉकी, बास्केटबॉल, फुटबॉल, कबड्डी और क्रिकेट के मुकाबले पुरुष और महिला वर्ग में होंगे। इसमें एनएसयूटी, आईआईआईटीडी, आईजीडीटीयूडब्ल्यू, डीएसईयू, जीजीएसआईपीयू, एयूडी, दिल्ली टीचर्स यूनिवर्सिटी और दिल्ली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी समेत 10 विश्वविद्यालय हिस्सा लेंगे। केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने युवाओं से अनुशासन के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया। उन्होंने 2036 ओलंपिक की मेजबानी के भारत के लक्ष्य और 2030 राष्ट्रमंडल खेलों का भी उल्लेख किया। उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू ने कहा कि खेल युवाओं में टीम भावना और खेल भावना विकसित करते हैं। जीत और हार को समान भाव से स्वीकार करना भी खेलों से मिलने वाली अहम सीख है। दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि इस पहल से विश्वविद्यालयों के छात्रों को डीडीए की खेल सुविधाओं का लाभ उठाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने डीटीयू और डीडीए को दिल्ली के विश्वविद्यालयों को एक मंच पर लाने के लिए बधाई दी। बता दें कि टूर्नामेंट के मुकाबले 28 अक्टूबर से दो नवंबर तक डीटीयू स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होंगे। डीटीयू के कुलपति प्रो. प्रतीक शर्मा ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, आपसी सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है। ललित कौशिक

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Oct 27, 2026, 20:24 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Delhi NCR News: डीडीए-यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स कप 2026 में खिलाड़ी दिखाएंगे प्रतिभा का दम #AthletesToShowcaseTheirTalentAtTheDDA #SubahSamachar