Sant Kabir Nagar News: फर्जी दस्तावेज से पासपोर्ट बनवाकर विदेश जाने का आरोपी दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार
संतकबीरनगर। कूटरचित दस्तावेज और गलत तथ्यों के आधार पर फर्जी तरीके से पासपोर्ट बनवाकर विदेश यात्रा करने के मामले में वांछित आरोपी को इमिग्रेशन विभाग ने दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) के आधार पर पकड़ लिया। आरोपी दुबई से अपने घर लौट रहा था। सूचना मिलने पर खलीलाबाद कोतवाली पुलिस दिल्ली पहुंची और न्यायिक अभिरक्षा रिमांड की प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर शुक्रवार को संतकबीरनगर लाई। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर दिया गया। जहां से आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार रवाना कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, कोतवाली खलीलाबाद में वर्ष 2023 में दर्ज प्राथमिकी में आरोपी विजय शुक्ला निवासी इमिलडीहा, थाना कोतवाली खलीलाबाद (स्थायी पता- ग्राम मोरवन, थाना रामकोला, कुशीनगर) के विरुद्ध पासपोर्ट अधिनियम तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज है। मामले में आरोपी लंबे समय से वांछित था, जिसके चलते उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी कराया गया था। पुलिस को नौ जुलाई को इमिग्रेशन विभाग, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा दिल्ली से ई-मेल के माध्यम से सूचना मिली कि विदेश से लौटने पर आरोपी विजय शुक्ला को एलओसी के आधार पर हिरासत में लिया गया है। सूचना मिलते ही खलीलाबाद कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव और कांस्टेबल दुर्गेश कुमार दिल्ली रवाना हुए। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस टीम ने आरोपी को अपनी अभिरक्षा में लिया और शुक्रवार को संतकबीरनगर लेकर पहुंची। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया। जहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया।------------------------कूटरचित अभिलेखों से बनवाया पासपोर्टवर्ष 2023 में खलीलाबाद कोतवाली में दर्ज प्राथमिकी में आरोप है कि विजय शुक्ला ने कूटरचित अभिलेखों और गलत तथ्यों का सहारा लेकर फर्जी तरीके से पासपोर्ट बनवाया था। इसी पासपोर्ट के आधार पर उसने विदेश यात्रा भी की। मामले के खुलासे के बाद पुलिस ने धोखाधड़ी, जालसाजी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और उनका उपयोग करने सहित पासपोर्ट अधिनियम एवं भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। जांच के दौरान आरोपी के विदेश में होने की जानकारी मिलने पर उसके विरुद्ध लुकआउट सर्कुलर जारी कराया गया था, जिसके आधार पर विदेश से लौटते ही दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उसे इमिग्रेशन विभाग ने पकड़ लिया।-------अब तक 21 से अधिक आरोपियों की हो चुकी है गिरफ्तारीजनपद के चर्चित फर्जी पासपोर्ट रैकेट मामले में पुलिस अब तक 21 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इस संगठित गिरोह के खिलाफ खलीलाबाद कोतवाली पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इस मामले में कई आरोपियों को लुकआउट सर्कुलर की मदद से विभिन्न अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट्स से दबोचा गया है। तत्कालीन एसपी सत्यजीत गुप्ता के निर्देश पर हुई जांच में सामने आया था कि वर्ष 2020-21 के दौरान कुल 101 पासपोर्ट गलत पते और कूट रचित दस्तावेजों के आधार पर सत्यापित किए गए थे। पुलिस जांच के अनुसार, 96 लोग ऐसे थे जो दर्शाए गए पते पर रहते ही नहीं थे और इनमें से कई लोग आपराधिक पृष्ठभूमि वाले थे जो फर्जी पहचान पर विदेश भाग गए थे। -------------------इन लोगों की पहले हो चुकी है गिरफ्तारी राहुल शाही उर्फ रुद्र प्रताप को पुलिस ने चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, लखनऊ से उस समय गिरफ्तार किया जब वह बैंकॉक से लौट रहा था। इसके पास से फर्जी पासपोर्ट और दो आधार कार्ड बरामद हुए। सुमंत उर्फ चंदू गोरखपुर का निवासी है, जो खलीलाबाद के ''चंदू'' नाम के फर्जी पते पर पासपोर्ट बनवाकर बैंकॉक भागा था, जिसे मुंबई एयरपोर्ट पर उतरते ही गिरफ्तार किया गया था। दीपक यादव उर्फ शिवकुमार ने अपना नाम बदलकर फर्जी दस्तावेज तैयार कराए थे और कोलकाता एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन टीम द्वारा पकड़ा गया था। अमन यादव (पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष) गोरखपुर के आपराधिक इतिहास वाले डीडीयू के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अरविंद कुमार यादव उर्फ अमन यादव को भी संतकबीरनगर के फर्जी पते पर पासपोर्ट बनवाकर बैंकॉक की यात्रा करने के आरोप में पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 10, 2026, 23:35 IST
Sant Kabir Nagar News: फर्जी दस्तावेज से पासपोर्ट बनवाकर विदेश जाने का आरोपी दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार #SANTKABIRNAGARNEWS #SubahSamachar
