2020 Riots: अदालत के फैसले के बाद गर्मायी दिल्ली की सियासत, भाजपा ने किया स्वागत तो आप ने कपिल मिश्रा को घेरा
आईबी अधिकारी अंकित शर्मा हत्याकांड में अदालत द्वारा आम आदमी पार्टी के पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन समेत दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाए जाने के बाद दिल्ली की राजनीति गरमा गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने फैसले का स्वागत करते हुए आम आदमी पार्टी और उसके राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सवाल किया कि ताहिर हुसैन की गिरफ्तारी के बाद भी पार्टी नेतृत्व उसके समर्थन में क्यों खड़ा रहा और क्या उसकी शह पर ही दिल्ली दंगों की साजिश रची गई थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अदालत के फैसले से न्याय की जीत हुई है और कानून व न्यायपालिका पर लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है। दिल्ली की जनता आम आदमी पार्टी से जवाब चाहती है कि हत्या के आरोप में गिरफ्तारी के बाद भी ताहिर हुसैन का बचाव क्यों किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सवालों का जवाब आप को देना चाहिए। आशीष सूद बोले, राजनीतिक संरक्षण भी बेनकाब दिल्ली सरकार में गृह विभाग के मंत्री आशीष सूद ने कहा कि अदालत का फैसला दिल्ली पुलिस और अभियोजन पक्ष की जांच की पुष्टि करता है। अंकित शर्मा की हत्या कोई सामान्य आपराधिक घटना नहीं थी, बल्कि साल 2020 की हिंसा और सांप्रदायिक तनाव की व्यापक साजिश का हिस्सा थी। सूद ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने ऐसे लोगों को राजनीतिक संरक्षण दिया, जिन्होंने हिंसा और अराजकता को बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा कि अदालत ने अपना कानूनी दायित्व निभाया है और इससे कानून के शासन पर लोगों का विश्वास मजबूत हुआ है। कपिल मिश्रा ने भी साधा निशाना मंत्री कपिल मिश्रा ने आम आदमी पार्टी पर आरोप लगाया कि ताहिर हुसैन के दोषी ठहराए जाने और गिरफ्तारी के बाद भी पार्टी के कई नेताओं ने सार्वजनिक रूप से उसका बचाव किया। कुछ नेताओं ने मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर ताहिर हुसैन के पक्ष में बयान दिए और दिल्ली दंगों के दौरान सड़कें बंद करने वालों का समर्थन किया। आप ने ताहिर हुसैन से झाड़ा पल्ला, भाजपा और ओवैसी का आदमी बताया दिल्ली दंगे में आईबी उप निरीक्षक अंकित शर्मा हत्याकांड में उम्र कैद की सजा पाने वाले ताहिर हुसैन से आम आदमी पार्टी ने पल्ला झाड़ते हुए उसे कपिल मिश्रा का आदमी बताया है। आप दिल्ली के प्रदेशाध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि वर्तमान प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने ही ताहिर हुसैन को पार्टी में शामिल कराया और एमसीडी चुनाव में जबरदस्ती उसे पार्षद का टिकट दिलवाया था। आप मुख्यालय पर प्रेस वार्ता कर दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि दंगे के दौरान जिस घर में हथियार मिलने के आरोप लगे थे, उसी में कपिल मिश्रा का चुनावी और विधायक कार्यालय हुआ करता था। उन्होंने बताया कि इसी घर को अवैध निर्माण के दौरान एमसीडी गिराने आई थी और तब कपिल मिश्रा ने ही घर को बचाया था । मौजूदा समय में दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने पूर्व में आप पार्टी से क्षेत्र में विधानसभा का चुनाव लड़ा था। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि अदालत ने दिल्ली दगे में पांच-छह लोगों पर आरोप सिद्ध होने के बाद सजा का आदेश दिया है। उन्होंने बताया कि भाजपा व उसके समर्थक आम आदमी पार्टी पर दंगा कराने का आरोप लगा रहे हैं। सौरव ने कहा कि इस बात के सुबूत हर जगह मौजूद हैं कि जैसे ही ताहिर हुसैन पर इस तरह के आरोप लगे, आम आदमी पार्टी ने तुरंत उसे पार्टी से निकाल दिया था। इसके उलट ऐसे दर्जनों उदाहरण हैं, जहां जघन्य अपराधों में शामिल लोगों को भाजपा ने सीने से लगाकर रखा। उन्होंने नित्यानंद, कुलदीप सेंगर और बृजभूषण सिंह पर आरोपों की बात कही। भाजपा और असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी का आदमी बताया सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि ताहिर हुसैन तो पूरी तरह से भाजपा का ही आदमी है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली दंगे का राजनीतिक फायदा सिर्फ भाजपा को ही मिला। 2025 में जो चुनाव हुए, उसमें मुस्तफाबाद जैसी सीट पर भाजपा का जीतना लगभग नामुमकिन रहता है, ऐसी सीट पर भाजपा विरोधी वोट बांटने और भाजपा को जिताने के लिए ताहिर हुसैन को असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी से चुनाव लड़वाया गया। ताहिर को आप से टिकट दिलवाने में कपिल की भूमिका का लगाया आरोप सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि ताहिर हुसैन ने ही कपिल मिश्रा को करावल नगर से चुनाव लड़वाया था। बदले में कपिल मिश्रा ने ही ताहिर हुसैन को पार्टी जॉइन करवाई थी। उस वक्त मुस्तफाबाद के तत्कालीन विधायक हाजी यूनुस ताहिर हुसैन को पार्षद की टिकट नहीं देना चाहते थे, लेकिन कपिल मिश्रा ने लड़कर उसे टिकट दिलवाया था।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 01, 2026, 02:13 IST
2020 Riots: अदालत के फैसले के बाद गर्मायी दिल्ली की सियासत, भाजपा ने किया स्वागत तो आप ने कपिल मिश्रा को घेरा #CityStates #DelhiNcr #Delhi #2020Riots #AapBjp #SubahSamachar
