अंतरराष्ट्रीय डायरी: नेपाल में भारतीय बिस्कुट के आयात-बिक्री पर रोक; यूक्रेन में रूसी ड्रोन हमला, छह की मौत
नेपाल सरकार ने भारत की सूर्या फूड एंड एग्रो लिमिटेड द्वारा बनाए जाने वाले प्रियागोल्ड बिस्कुट के आयात, बिक्री और वितरण पर पूरी तरह रोक लगा दी है। नेपाल के खाद्य प्रौद्योगिकी और गुणवत्ता नियंत्रण विभाग ने सोमवार को नोटिस जारी कर प्रियागोल्ड बिस्कुट को अधोमानक बताया और जनता के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इस पर तत्काल प्रतिबंध लगा दिया है। भारतीय खाद्य नियामक (एफएसएसएआई) ने कंपनी द्वारा बिस्कुट निर्माण में पशु आहार के इस्तेमाल और गंभीर सुरक्षा कमियों को देखते हुए उसके खिलाफ कानूनी कार्यवाही शुरू की है और उसका लाइसेंस निलंबित कर दिया है। नेपाल ने इसी नोटिस के आधार पर यह कड़ा कदम उठाया है। विभाग ने संबंधित कारोबारियों और उपभोक्ताओं को चेतावनी दी है कि वे इन बिस्कुटों का आयात और बिक्री तुरंत बंद करें। साथ ही, अधिकृत आयातकों और व्यापारियों को बाजार में मौजूद स्टॉक को तत्काल वापस मंगाने के निर्देश दिए गए हैं। खारकीव में रूसी ड्रोन हमला, तीन बच्चों समेत 6 की मौत यूक्रेन के उत्तर-पूर्वी खारकीव क्षेत्र के एक गांव में सोमवार को हुए भीषण रूसी ड्रोन हमले में तीन बच्चों समेत 6 लोगों की मौत हो गई। क्षेत्र के गवर्नर ओलेह सिनेगुहोव ने बताया कि यह ड्रोन हमला एक ऐसे पार्क पर हुआ जहां परिवारों के साथ बच्चे खेल रहे थे। गृह मंत्री इवान व्याहोव्स्की ने एक बच्चे के शव की धुंधली तस्वीर भी साझा की है। गवर्नर सिनेगुहोव के मुताबिक, खारकीव शहर के दक्षिण-पश्चिम में हुए इस हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर छह हो गई है, जबकि 15 अन्य लोग घायल हुए हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 20, 2026, 04:45 IST
अंतरराष्ट्रीय डायरी: नेपाल में भारतीय बिस्कुट के आयात-बिक्री पर रोक; यूक्रेन में रूसी ड्रोन हमला, छह की मौत #World #International #SubahSamachar
