Shahjahanpur: पेट्रोल से भरा डिब्बा लेकर अफसरों के सामने पहुंची महिला, आत्मदाह की चेतावनी, पुलिस से झीनापट्टी
शाहजहांपुर के पुवायां थाना क्षेत्र के गांव गंगसरा में जमीन विवाद निपटाने पहुंचे तहसीलदार और थाना प्रभारी के सामने एक महिला पेट्रोल से भरा डिब्बा लेकर पहुंची और आत्मदाह करने की चेतावनी दी। पुलिसकर्मियों ने उससे डिब्बा छीना और मामले का शांत किया। दरअसल, गांव में जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद चल रहा है। इसे लेकर भाकियू टिकैत गुट के जिलाध्यक्ष अनिल सिंह यादव के नेतृत्व में किसान धरना दे रहे हैं। भाकियू की ओर से कई दिनों से धरना देने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने पर अधिकारियों का पुतला दहन करने की चेतावनी दी गई थी। इससे तहसील प्रशासन हरकत में आ गया और दोपहर तहसीलदार दीपेंद्र कुमार, नायब तहसीलदार रिजवान खां, थाना प्रभारी आरके रावत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जानकारी पाकर दूसरे पक्ष से तमाम महिलाएं मौके पर आ गईं और खेत जोतने का विरोध किया। महिलाओं का कहना था कि बैनामा धोखाधड़ी करके बिना रुपये दिए कराया गया है। प्रशासन के सख्ती करने पर एक महिला डिब्बे में पेट्रोल लेकर मौके पर पहुंची और खेत जोतने पर आत्मदाह करने की चेतावनी दी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उससे डिब्बा को छीन लिया। इस दौरान महिलाओं की पुलिस से नोकझोंक भी हुई। इसके बाद तहसीलदार और थाना प्रभारी समस्या का समाधान नहीं कर पाए और शनिवार को दोनों पक्षों को थाने बुलाकर पंचायत करने की बात कहते हुए मौके से चले आए।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 09, 2026, 09:18 IST
Shahjahanpur: पेट्रोल से भरा डिब्बा लेकर अफसरों के सामने पहुंची महिला, आत्मदाह की चेतावनी, पुलिस से झीनापट्टी #CityStates #Shahjahanpur #UttarPradesh #LandDispute #Self-immolation #Police #SubahSamachar
