Haryana: परिवार में जमीनी विवाद में गांव चेलावास में महिला की हत्या, एक साल पहले मृतका के ससुर का हुआ था मर्डर
कनीना क्षेत्र के गांव चेलावास में जमीन विवाद के चलते एक महिला की कुल्हाड़ी व फरसों से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान ओमपती पत्नी राज सिंह के रूप में हुई है। परिजनों ने महिला के देवर, उसकी पत्नी तथा परिवार के अन्य सदस्यों पर हत्या का आरोप लगाया है। इसी जमीनी विवाद में एक वर्ष पूर्व महिला के ससुर की भी हत्या हो चुकी है। अब यह एक साल में दूसरी हत्या है। जानकारी के अनुसार चेलावास गांव में जमीन को लेकर लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते करीब एक वर्ष पूर्व ओमपती के ससुर दयानंद की हत्या हुई थी। उस मामले में पुलिस ने दयानंद के पोते नरेंद्र पुत्र सुरेंद्र को गिरफ्तार किया था। इस संबंध में शिकायत दयानंद के पुत्र विनोद ने दर्ज करवाई थी। अब ओमपती की हत्या के मामले में विनोद व उसके परिवार के अन्य सदस्यों पर आरोप लगाए गए हैं। मृतका के जेठ सुरेंद्र निवासी चेलावास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गुरुवार रात करीब बारह बजे उसे ओमपती के बेटे जयभगवान का फोन आया। जयभगवान ने बताया कि कुछ लोग उसकी मां के साथ मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचा, जहां घर का मुख्य गेट बंद मिला। उसके अनुसार घर के बाहर कुछ लोग लाठियां लिए खड़े थे, जबकि अंदर से महिला के चीखने-चिल्लाने की आवाजें आ रही थीं। शिकायत के मुताबिक, कुछ देर बाद घर का गेट खुला और अंदर से कई लोग बाहर निकले, जिनके हाथों में फरसा, कुल्हाड़ी और अन्य हथियार थे। आरोप है कि आरोपियों ने उसे देखकर धमकी दी और वहां से फरार हो गए। इसके बाद उसने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी। सुरेंद्र का आरोप है कि पुलिस के साथ जब वह घर के अंदर पहुंचा तो ओमपती गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। उसके शरीर पर चोटों के कई निशान थे और वह खून से लथपथ थी। महिला को पहले सरकारी अस्पताल कनीना ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया गया। परिजनों का कहना है कि रोहतक ले जाते समय रास्ते में ही ओमपती की मौत हो गई। परिजनों ने विनोद, संदीप, कविता, विमला, लाखीराम सहित अन्य लोगों पर मिलकर हमला करने और हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी कविता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 05, 2026, 15:26 IST
Haryana: परिवार में जमीनी विवाद में गांव चेलावास में महिला की हत्या, एक साल पहले मृतका के ससुर का हुआ था मर्डर #CityStates #Mahendragarh/narnaul #Haryana #SubahSamachar
