Rishikesh News: जंगली जानवर ने गोशाला में बंधी गाय को मार डाला
यमकेश्वर। विकासखंड यमकेश्वर में वन्यजीवों की दहशत थमने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार को फल्दाकोट पंचायत के कंडवाल गांव में सुबह चार बजे अज्ञात जंगली जानवर ने गोशाला का लोहे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसकर गाय को मारा डाला। कंडवाल गांव निवासी कन्हैयालाल कंडवाल ने बताया कि उनकी गाय घर से कुछ दूरी पर स्थित गोशाला में बंधी थी। सुबह करीब चार बजे जंगली जानवर गोशाला के लोहे के दरवाजे को तोड़कर अंदर घुसा। जहां उसने गाय पर हमला कर उसे मार दिया। सुबह जब ग्रामीणों ने देखा तो गोशाला में गाय मृत पड़ी थी और दरवाजा टूटा हुआ था। ग्रामीणों ने भालू के हमले की आशंका जताई है। क्षेत्र में लगातार जंगली जानवरों के हमलों की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसके बावजूद वन विभाग जानवरों के हमले की घटनाओं को रोकने में पूर्ण रूप से विफल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बाद भी वन विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती जिसके परिणामस्वरूप ग्रामीणों को पशुधन की हानि उठानी पड़ रही है। पशुपालन ही पहाड़ के लोगों की आजीविका का मुख्य आधार है। एक-एक गाय के मरने से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि पीड़ित पशुपालक को शीघ्र मुआवजा दिया जाए। साथ ही क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए, पिंजरा लगाया जाए और खतरनाक जानवर को जल्द पकड़ा जाए, ताकि ग्रामीणों के पशुधन और जान-माल की सुरक्षा हो सके।-----------कंडवाल गांव में जंगली जानवर के हमले में गाय की मौत की सूचना मिली है। विभागीय टीम को मौके पर भेजकर मुवावजा प्रकिया की कार्रवाई की जा रही है।-अनुराग जोशी, रेंजर, लालढांग रेंज।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 04, 2026, 19:43 IST
Rishikesh News: जंगली जानवर ने गोशाला में बंधी गाय को मार डाला #WildAnimalKillsCowTetheredInACattleShed #SubahSamachar
