Gorakhpur News: पति की मौत के बाद विधवा को प्रताड़ित करने का आरोप, ससुरालियों समेत कई पर प्राथमिकी
- जेवर, बैंक पासबुक, एटीएम और दुकान के कागजात जबरन लेने का आरोप- नाबालिग बेटे को धमकाने और सोशल मीडिया पर बदनाम करने की भी शिकायत- फर्जी हस्ताक्षर से बैंक खाते और एलआईसी की रकम निकालने की कोशिश का आरोप अमर उजाला ब्यूरो गोरखपुर। शाहपुर क्षेत्र की विधवा महिला ने पति की मौत के बाद ससुरालियों पर प्रताड़ित करने, जेवर और संपत्ति के दस्तावेज कब्जे में लेने तथा नाबालिग बेटे को धमकाने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर शाहपुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।आमबाजार, बशारतपुर निवासी अर्चना वर्मा के मुताबिक, उनकी शादी 19 सितंबर 2021 को जितेंद्र कुमार जायसवाल से हुई थी। 15 मई 2025 को विवाह का पंजीकरण हुआ। पति की 31 जुलाई 2026 को दिल्ली के एक अस्पताल में मौत हो गई। आरोप है कि शादी के बाद से ही पीडल्ब्यूडी से रिटायर्ड इंजीनियर ससुर राजेश्वर प्रसाद, ब्यूटी पार्लर संचालिका ननद अमृता मौर्या, यूएस में रहने वाले देवर धर्मेंद्र कुमार, नंदोई अशोक मौर्या और ननद के बेटे आर्यन मौर्या दहेज को लेकर उन्हें और बेटे को प्रताड़ित करते थे। अर्चना का आरोप है कि पति की मौत के बाद ससुरालियों ने उनके जेवर, कपड़े, बैंक पासबुक, एटीएम, चेकबुक, एलआईसी बांड और भालोटिया मार्केट स्थित पति की दुकान के दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए। देवर पर उनके नाम से कथित फर्जी संयुक्त बैंक खाता खुलवाने का भी आरोप है। ननद अमृता और एलआईसी एजेंट सुनील कुमार जायसवाल पर फर्जी हस्ताक्षर कर बीमा की रकम निकालने की कोशिश करने की शिकायत की है। इस मामले में शशांक चंद्र जायसवाल को गारंटर बनाने और उनके पिता उमेश चंद्र जायसवाल पर भी सहयोग करने का आरोप लगाया है।पीड़िता के अनुसार, ननद का बेटा आर्यन सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणियां कर उन्हें बदनाम कर रहा है। नाबालिग बेटे को डराने के लिए शिवम मिश्रा और अर्पित नाम के युवकों को लगाने तथा मायके पक्ष को कानूनी कार्रवाई करने पर पूरे परिवार को गायब कराने की धमकी देने का भी आरोप है। 16 अक्तूबर को दी गई तहरीर के आधार पर शाहपुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पीड़िता के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 31, 2026, 02:57 IST
Gorakhpur News: पति की मौत के बाद विधवा को प्रताड़ित करने का आरोप, ससुरालियों समेत कई पर प्राथमिकी #WidowAllegedlyHarassedFollowingHusband'sDeath;FIRRegisteredAgainstSeveralIndividuals #IncludingIn-laws #SubahSamachar
