Varanasi News: नाविकों के दो गुटों में हिंसक झड़प, सवारी बैठाने को लेकर पथराव; नहीं थम रहीं घटनाएं
Varanasi News: आदमपुर थाना क्षेत्र के प्रह्लाद घाट के समीप स्थित तेलियानाला घाट पर शुक्रवार शाम नाव पर सवारी बैठाने को लेकर नाविकों के दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों ओर से जमकर पथराव शुरू हो गया। इस घटना से तेलियानाला-सक्काघाट मार्ग पर करीब आधे घंटे तक अफरातफरी और अराजकता का माहौल बना रहा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को खदेड़कर स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के बाद दोनों पक्षों ने आदमपुर थाने में एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मारपीट और पथराव में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई कर रही है। एक पक्ष की ओर से संगीता देवी (45) पत्नी संतोष साहनी ने आरोप लगाया कि उनके परिवार के राजकुमार साहनी, छोटू साहनी, प्रशांत साहनी उर्फ लड्डू और कर्मचारी सनी यादव घाट किनारे नाव पर सवारी बैठा रहे थे, तभी दूसरे पक्ष के सिजय साहनी, गोपी साहनी, अजय साहनी, दिवाकर साहनी समेत अन्य लोग विवाद करने लगे और देखते ही देखते पथराव शुरू कर दिया। वहीं दूसरे पक्ष के गोपी साहनी का कहना है कि राजकुमार साहनी और उनके सहयोगी घाट पर अन्य नाविकों को नाव लगाने नहीं देते, इसी बात को लेकर विवाद हुआ जो बाद में झड़प में बदल गया। इंस्पेक्टर आदमपुर विमल मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 27, 2026, 22:57 IST
Varanasi News: नाविकों के दो गुटों में हिंसक झड़प, सवारी बैठाने को लेकर पथराव; नहीं थम रहीं घटनाएं #CityStates #Varanasi #VaranasiPolice #VaranasiNews #LatestNews #BigNews #TodayNews #UpNews #HindiNews #TopNews #SubahSamachar
