थाने ले जाते समय सड़क पर लेट गया युवक, बाजार में एक घंटे तक लगा रहा जाम;video
गाजीपुर जिले के जलालाबाद-नसीरपुर गांव में भूमि पैमाइश के दौरान विरोध कर रहे एक युवक को पुलिस द्वारा थाने ले जाते समय दुल्लहपुर बाजार में हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। पुलिस वाहन से उतरकर युवक बीच सड़क पर लेट गया, जिससे मुख्य मार्ग पर दिन में करीब 3.30 बजे से 4.30 बजे तक यानी एक घंटे तक जाम लगा रहा। काफी मशक्कत के बाद पुलिस उसे दूसरे वाहन से थाने ले जा सकी। बृहस्पतिवार को न्यायालय के आदेश पर मौजा जलालाबाद की विवादित भूमि की राजस्व विभाग की टीम पुलिस की मौजूदगी में पैमाइश और सीमांकन कर रही थी। इस दौरान विपक्षी पक्ष के मनु कुमार ने कार्रवाई का विरोध किया। पुलिस का कहना है कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए उसे थाने ले जाया जा रहा था। आरोप है कि दुल्लहपुर बाजार पहुंचते ही मनु कुमार पुलिस वाहन से उतरकर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने रोकने का प्रयास किया तो वह बीच सड़क पर लेट गया। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और बाजार में करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ लोगों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध भी किया। सूचना पर थाना प्रभारी संतोष कुमार राय अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद युवक को दूसरे वाहन में बैठाकर थाने भेजा गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 24, 2026, 14:42 IST
थाने ले जाते समय सड़क पर लेट गया युवक, बाजार में एक घंटे तक लगा रहा जाम;video #SubahSamachar
