Video: बलरामपुर में कड़ी सुरक्षा के बीच छह केंद्रों पर शुरू हुई शिक्षक पात्रता परीक्षा

उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा- 2026 बृहस्पतिवार की सुबह 9:30 बजे जिले में छह परीक्षा केंद्रों पर शुरू हो गई। इस परीक्षा में कुल 2376 अभ्यार्थियों को शामिल होना है। नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा संपन्न कराने के लिए सुरक्षा और निगरानी के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी के साथ स्टैटिक व सेक्टर मजिस्ट्रेट और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। परीक्षा की नोडल व अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योति राय ने बताया कि जिले में एमएलके पीजी कॉलेज कला संकाय परीक्षा केंद्र पर 600, वाणिज्य संकाय परीक्षा केंद्र पर 480, विज्ञान संकाय में 384, एमपीपी इंटर कॉलेज में 384, बीएवी इंटर कॉलेज में 288 एवं बलरामपुर बालिका इंटर कॉलेज में 240 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चलेगी। परीक्षा केंद्रों पर सुबह 7:30 बजे से ही अभ्यर्थियों की भीड़ जुटने लगी। प्रत्येक केंद्र पर प्रवेश पत्र और आधार कार्ड सत्यापन के साथ रेटिना स्कैन व फिंगरप्रिंट मिलान और सघन तलाशी के बाद अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। अभ्यर्थियों के मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, ईयरफोन व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बाहर ही रखवा लिया गया।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 02, 2026, 09:54 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


Video: बलरामपुर में कड़ी सुरक्षा के बीच छह केंद्रों पर शुरू हुई शिक्षक पात्रता परीक्षा #SubahSamachar