VIDEO: बाइक सवार युवकों व लोडर चालक के बीच विवाद, ब्लेड से किया हमला, मोबाइल और 30 हजार लेकर फरार हो गए
लखनऊ के सरोजनी नगर क्षेत्र में मंगलवार शाम कानपुर रोड पर बाइक सवार दो युवकों और छोटा हाथी लोडर चालक के बीच हुए विवाद हो गया। आरोप है कि बाइक सवार युवकों ने लोडर चालक से मारपीट कर उसका मोबाइल, वाहन की चाबी और 30 हजार रुपये छीन लिए। घटना के बाद सड़क पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा और कानपुर से लखनऊ आने वाली पटरी पर लंबा जाम लग गया। इस दौरान एयरपोर्ट से जा रही पूर्व राष्ट्रपति की फ्लीट भी कुछ देर के लिए जाम में फंस गई। मूलरूप से सीतापुर जिले के महमूदाबाद निवासी व वर्तमान में कृष्णा नगर स्थित एलडीए मोड के पास रहने वाले बबलू प्रजापति ने बताया कि वह मंगलवार शाम सरोजनी नगर की ओर से अपने साथी सुशील के साथ ब्रेड की सप्लाई करके लौट रहे थे। इसी दौरान सरोजनी नगर में अमौसी मेट्रो स्टेशन के पास एक बाइक पर सवार दो युवकों ने उनकी गाड़ी रोक ली और बाइक में टक्कर मारने का आरोप लगाते हुए विवाद शुरू कर दिया। लोडर चालक बबलू प्रजापति के मुताबिक विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ हाथापाई की और वाहन की चाबी छीन ली। आरोप है कि जब उनके साथी सुशील ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो बाइक सवार युवकों ने उसके दाहिने सीने पर ब्लेड से हमला कर दिया। इसके बाद गाड़ी की चाबी, सुशील का मोबाइल और 30 हजार रुपये लेकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद गुस्साए चालक और उसके साथी ने हंगामा शुरू कर दिया। चाबी छीने जाने के कारण वाहन का स्टेरिंग लॉक हो गया और लोडर सड़क पर तिरछा खड़ा रह गया, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया। सूचना पर पहुंचे एक ट्रैफिक पुलिस कर्मी ने हंगामा कर रहे लोडर चालक के साथी से अभद्रता कर दी, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। बाद में आसपास के लोगों की मदद से वाहन को किसी तरह सड़क से हटाया गया, जिसके बाद पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की फ्लीट को निकाला जा सका। हालांकि घटना के बाद काफी देर तक क्षेत्र में अफरा-तफरी और हंगामे का माहौल बना रहा। थाना प्रभारी राजदेव प्रजापति ने बताया कि सड़क पर एक्सीडेंट हो गया था। पूर्व राष्ट्रपति की फ्लीट जाम में फंसी नहीं थी। कुछ देर के लिए धीमी हो गई थी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 30, 2026, 21:16 IST
VIDEO: बाइक सवार युवकों व लोडर चालक के बीच विवाद, ब्लेड से किया हमला, मोबाइल और 30 हजार लेकर फरार हो गए #SubahSamachar
