VIDEO: भूमि विवाद के चलते ट्रैक्टर से रौंदकर बुजुर्ग की हत्या, आठ घायल, हिंसक झड़प से दहशत में ग्रामीण
सुबेहा। कोलवा पंचायत के पूरे गुमान गांव में रविवार को भूमि विवाद को लेकर हिंसक झड़प के दौरान शमशेर अली (70) को ट्रैक्टर से रौंद दिया गया। एकतरफा हुए हमले में दो महिलाओं सहित आठ लोग घायल हो गए। इनमें से चार लोगों को गंभीर दशा में लखनऊ रेफर कर दिया गया। मृतक के पुत्र मुश्ताक ने बताया कि गांव के रोशन उर्फ शिव सिंह उनके चचेरे भाई उस्मान अली के घर के सामने की भूमि को ट्रैक्टर से जोतने लगे। परिवार की बदरुनिशा ने इसका विरोध किया तो रोशन और उसके परिवारीजन ने मारना-पीटना शुरू कर दिया। विपक्षियों ने कई लोगों को ट्रैक्टर से रौंदने की कोशिश की। उनके पिता शमशेर पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। उनके अलावा राशिद अली (58), राजेंद्र कुमार (55) और शंकर लाल (66) भी ट्रैक्टर की चपेट में आकर घायल हो गए। बदरुनिशा (35), सजीदुलनिशा (35), सबा बानो (16), साबरीना बानो (16) और अरमान अली (30) को लाठी डंडों से मारापीटा गया। विपक्षियोंं के जाने के बाद घायल शमशेर अली को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हैदरगढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बदरुनिशा, सजीबुलनिशा, राजेंद्र कुमार और राशिद अली को गंभीर हालत में सीएचसी से लखनऊ रेफर किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) समीर कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थिति का जायजा लिया। सीओ समीर कुमार सिंह ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक निर्देश दिए हैं। पुलिस ने मृतक के पुत्र मुश्ताक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम गठित की गई है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 16, 2026, 10:57 IST
VIDEO: भूमि विवाद के चलते ट्रैक्टर से रौंदकर बुजुर्ग की हत्या, आठ घायल, हिंसक झड़प से दहशत में ग्रामीण #SubahSamachar
