Video: अमेठी में एक जैसे पते से भ्रमित हुए अभ्यर्थी, कई की छूटी शिक्षक पात्रता परीक्षा
उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा के पहले दिन परीक्षा केंद्र के पते में समान विवरण होने से कई अभ्यर्थियों की परीक्षा छूट गई। शहर स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में सुबह बड़ी संख्या में ऐसे अभ्यर्थी पहुंचे, जिनका वास्तविक परीक्षा केंद्र मुसाफिरखाना में था। प्रवेश पत्र में रामलीला ग्राउंड और नियर बस स्टॉप अंकित होने के कारण वे गलत परीक्षा केंद्र पर पहुंच गए। प्रयागराज निवासी सुमित शुक्ला ने बताया कि उनके साथ करीब 12 अभ्यर्थियों की परीक्षा छूट गई। उन्होंने कहा कि प्रवेश पत्र में दिए गए पते के आधार पर गूगल मैप में खोजने पर वह अमेठी शहर स्थित जीआईसी पहुंच गए। यहां आने के बाद पता चला कि उनका परीक्षा केंद्र मुसाफिरखाना में है, जो करीब 30 किलोमीटर दूर है। इतने कम समय में वहां पहुंचना संभव नहीं था। प्रयागराज निवासी अंशुमान तिवारी ने बताया कि प्रवेश पत्र में केवल रामलीला ग्राउंड और नियर बस स्टॉप लिखा था। इसी वजह से वह भी गलत केंद्र पर पहुंच गए। जब सही केंद्र की जानकारी मिली, तब तक परीक्षा शुरू होने का समय हो चुका था। प्रयागराज की अभ्यर्थी नेहा मिश्रा ने बताया कि कई अभ्यर्थी एक-दूसरे से परीक्षा केंद्र पूछते रहे। सभी के प्रवेश पत्र पर लगभग एक जैसा पता होने से भ्रम की स्थिति बनी रही। बाद में जानकारी मिली कि उनका केंद्र मुसाफिरखाना में है। आदित्य पांडेय ने बताया कि यदि प्रवेश पत्र में परीक्षा केंद्र का पूरा नाम और स्पष्ट पता लिखा होता तो ऐसी परेशानी नहीं होती। गलत केंद्र पहुंचने से कई अभ्यर्थी परीक्षा से वंचित रह गए। अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रवेश पत्र तैयार करते समय केंद्र का पूरा पता, कस्बे का नाम और स्पष्ट लोकेशन अंकित की जानी चाहिए थी। एक जैसे विवरण के कारण बड़ी संख्या में परीक्षार्थी भ्रमित हो गए। उनका कहना है कि प्रशासन को भविष्य में ऐसी गलती से बचने के लिए आवश्यक सुधार करना चाहिए, ताकि किसी अभ्यर्थी का भविष्य प्रभावित न हो।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 02, 2026, 09:54 IST
Video: अमेठी में एक जैसे पते से भ्रमित हुए अभ्यर्थी, कई की छूटी शिक्षक पात्रता परीक्षा #SubahSamachar
