VIDEO: शराब ठेका हटाने की मांग को लेकर हंगामा, महिलाओं ने लगाया जाम

कासगंज-अमरपुर बाईपास स्थित शराब के ठेके को हटाने की मांग पर गांव तबालपुर, मौसमपुर, रामपुरिया नगला, सुल्तानपुर और नसरतपुर की महिलाओं ने बृहस्पतिवार को जाम लगाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने ठेका हटाओ, जान बचाओ के नारे लगाए। करीब डेढ़ घंटे तक हाईवे पर यातायात बाधित रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने किसी तरह समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। प्रदर्शन कर रही सरोज ने बताया कि बाईपास रोड पर संचालित शराब के ठेके के कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। शराब खरीदने आने वाले लोग अपने वाहन सड़क किनारे आड़े-तिरछे खड़े कर देते हैं, जिससे दुर्घटनाएं होती हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पांच दिन पहले गांव मौसमपुर निवासी रामबाबू की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। आरोप है कि एक ट्रैक्टर चालक शराब खरीदने के लिए ठेके पर गया था। उसने ट्रैक्टर को चौराहे पर खड़ा कर दिया था। इस दौरान दूसरे वाहन को ओवरटेक करते समय रामबाबू की बाइक खड़े ट्रैक्टर से टकरा गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने शराब का ठेका हटने तक जाम नहीं खोलने की बात कही। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़ी रहीं। इसके बाद महिला पुलिसकर्मियों को भी मौके पर बुलाया गया। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने रोड पर लकड़ी के बड़े-बड़े लट्ठे रखकर रोड जाम कर दिया था।पुलिस ने इन्हें हटवाया। सदर कोतवाली के इंस्पेक्टर क्राइम अवधेश भदौरिया और एसएसआई बीएल शर्मा ने ग्रामीणों से वार्ता कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद उन्होंने जाम खोला। पुलिस ने जाम में फंसे वाहनों को गुजर कर यातायात सामान्य कराया।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 02, 2026, 19:43 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


VIDEO: शराब ठेका हटाने की मांग को लेकर हंगामा, महिलाओं ने लगाया जाम #SubahSamachar