अमृतसर के आरटीए कार्यालय के बाहर ट्रक यूनियन का हंगामा
अमृतसर आरटीए कार्यालय के बाहर मंगलवार को ट्रक यूनियन और ट्रांसपोर्टरों ने ऑनलाइन चालान और वाहनों को ब्लैकलिस्ट किए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय का मुख्य गेट बंद कर नारेबाजी की, जिससे कुछ समय के लिए लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। ट्रांसपोर्टर बख्शीश सिंह खैहरा ने आरोप लगाया कि उनकी गाड़ी के चालानों का भुगतान किए जाने के बावजूद वाहन को ब्लैकलिस्ट से नहीं हटाया गया। उन्होंने बताया कि उनका ट्रक पिछले 12 दिनों से हरियाणा के रतिया में खड़ा है, जिसमें लाखों रुपये का सामान लदा है। इससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने ऑनलाइन चालान प्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि बिना पूर्व सूचना के चालान काटे जा रहे हैं और इसकी जानकारी वाहन मालिकों को तब मिलती है, जब वे परमिट या अन्य कार्य के लिए कार्यालय पहुंचते हैं। उन्होंने सरकार से व्यवस्था में सुधार की मांग की। वहीं, आरटीए अधिकारी हितेशवीर गुप्ता ने बताया कि संबंधित वाहन के गुजरात के दो चालान अभी भी सिस्टम में लंबित हैं। जब तक वे सिस्टम में क्लियर नहीं हो जाते, वाहन को ब्लैकलिस्ट से हटाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि मामले के समाधान के लिए संबंधित विभाग से संपर्क किया जा रहा है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 30, 2026, 15:34 IST
अमृतसर के आरटीए कार्यालय के बाहर ट्रक यूनियन का हंगामा #SubahSamachar
