1955 में स्वर्ण मंदिर पर हुए हमले के शहीदों को श्री अकाल तख्त साहिब में श्रद्धांजलि, गुरमति समागम आयोजित

4 जुलाई 1955 को सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) पर हुए हमले में शहीद हुए सिखों की स्मृति में शनिवार को श्री अकाल तख्त साहिब में विशेष गुरमति समागम आयोजित किया गया। 'आवाज़-ए-कौम' संगठन की ओर से लगातार छठे वर्ष यह कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें 'मिसल पंजाब', विभिन्न निहंग सिंह जत्थेबंदियों तथा बाबा दीप सिंह जी सेवा दल सहित कई सिख संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि 1947 में देश की आजादी के बाद सिखों के सबसे पवित्र धार्मिक स्थल पर यह पहला बड़ा हमला था। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को इस ऐतिहासिक घटना और इसके महत्व से अवगत कराना आवश्यक है। इस अवसर पर दरबार साहिब परिसर में 1955 की घटना से संबंधित एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई, ताकि संगतों को उस समय की परिस्थितियों और सिख इतिहास से जुड़े तथ्यों की जानकारी मिल सके। संगठन के पदाधिकारियों ने समूचे सिख समुदाय से अपील की कि 4 जुलाई को शहीदों की स्मृति में एकजुट होकर कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि इतिहास और शहीदों के बलिदान को हमेशा याद रखा जा सके।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 04, 2026, 12:00 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


1955 में स्वर्ण मंदिर पर हुए हमले के शहीदों को श्री अकाल तख्त साहिब में श्रद्धांजलि, गुरमति समागम आयोजित #SubahSamachar