दशहरे पर भिवानी में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, शहर में चार जगह होगा रावण दहन
दशहरा पर्व को लेकर भिवानी में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शहर में देर शाम चार स्थानों पर रावण दहन किया जाएगा, जबकि पूरे जिले में छह जगहों पर कार्यक्रम आयोजित होंगे। पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। वहीं, श्री अग्रसेन रामलीला कमेटी की ओर से शहर में 11 दिवसीय रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। डीएसपी महेश कुमार ने बताया कि रावण दहन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। स्टेज और पंडाल के आसपास बैरिकेडिंग की गई है, ताकि लोग रावण दहन स्थल के नजदीक न पहुंचें। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। आग से बचाव के लिए फायर ब्रिगेड और आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई है। लोगों की सुविधा के लिए पार्किंग की अलग व्यवस्था की गई है। शहर के बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भी निगरानी डीएसपी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रत्येक स्थान पर करीब 200 से 250 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही शहर के बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और प्रमुख चौक-चौराहों पर थाना स्तर पर नाकाबंदी की जा रही है। सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है और सीआईए की टीमें भी सक्रिय रहेंगी। पैदल गश्त और पेट्रोलिंग से रखी जाएगी नजर दशहरा पर्व के दौरान पुलिस की पैदल गश्त, राइडर, ईआरवी और स्थानीय पेट्रोलिंग टीमें लगातार सक्रिय रहेंगी। डीएसपी महेश कुमार ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न करवाना है। सुरक्षा के सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के दशहरा पर्व मना सकें।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 20, 2026, 11:08 IST
दशहरे पर भिवानी में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, शहर में चार जगह होगा रावण दहन #SubahSamachar
