VIDEO: सिलिंडर लेने पहुंचीं सगी बहनों को गैस एजेंसी कर्मचारियों ने दाैड़ा-दाैड़ाकर पीटा, भाई से भी मारपीट
आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के नुनिहाई स्थित सरला गैस एजेंसी पर गैस सिलिंडर लेने पहुंचीं दो सगी बहनों के साथ एजेंसी मैनेजर के इशारे पर हॉकरों ने दौड़ा-दौड़ाकर मारपीट की। उन्हें जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा गया। बहनें चीखती रहीं। सूचना पर पहुंचे भाई की भी पिटाई कर दी गई। वीडियो बनाने पर मोबाइल भी तोड़ दिया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। गुलाब नगर, नारायच निवासी शेर सिंह की पत्नी सुनीता गैस सिलिंडर लेने एजेंसी पर गईं थीं। सुनीता का आरोप है कि वह पहले कमला नगर में रहती थीं और एक साल पहले ही गुलाब नगर में शिफ्ट हुई हैं। उन्होंने 18 मार्च को गैस सिलिंडर की बुकिंग कराई थी, जिसका मैसेज एक अप्रैल को मोबाइल पर प्राप्त हुआ था। जब उन्होंने हॉकर से संपर्क किया तो उसने एजेंसी से सिलिंडर लेने को कहा, जबकि एजेंसी कर्मचारियों का कहना था कि सिलिंडर हॉकर को दे दिया गया है। इस तरह उन्हें लगातार गुमराह किया जाता रहा और वह चक्कर काटती रहीं। दो दिन पहले उनकी छोटी बहन अनीता का भी सिलिंडर खत्म हो गया था। दोनों बहनों की शादी एक ही परिवार में हुई है। तब उन्होंने भाई जय सिंह के घर से गैस लेकर बच्चों को खाना खिलाया। शनिवार को जब वह फिर से सरला गैस एजेंसी पहुंचीं, तो वहां भी यही कहा गया कि सिलिंडर हॉकर को दे दिया गया है। जब उन्होंने हॉकर अजय से बात की तो उसने मना कर दिया और अभद्रता करने लगा। विरोध करने पर अजय, जयवीर, मनोज, अरविंद और उसके साथियों ने सुनीता को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। उन्होंने तुरंत अपने भाई जय सिंह को सूचना दी। भाई जब बहनों को बचाने पहुंचा तो आरोपियों ने उन्हें भी दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इसी दौरान बहन अनीता वीडियो बना रही थी, जिसका मोबाइल भी आरोपियों ने तोड़ दिया। हालांकि, वहां मौजूद एक अन्य उपभोक्ता ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए महिलाओं से मारपीट करने वाले आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। उनके खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की जा रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 18, 2026, 17:11 IST
VIDEO: सिलिंडर लेने पहुंचीं सगी बहनों को गैस एजेंसी कर्मचारियों ने दाैड़ा-दाैड़ाकर पीटा, भाई से भी मारपीट #SubahSamachar
