भिलाई स्टील प्लांट की बिक्री!: लक्ष्मी बोलीं- ये कांग्रेस का दुष्प्रचार, कुंठाग्रस्त हैं कांग्रेसी,माफी मांगें
छत्तीसगढ़ बीजेपी की राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने भिलाई इस्पात संयंत्र की बिक्री को लेकर कांग्रेस के दुष्प्रचार पर कड़ा एतराज जताया है। उन्होंने भिलाई स्टील प्लांट को निजी हाथों या अडानी समूह को बेचे जाने की बातों को पूरी तरह निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस का मनगढ़ंत, भ्रामक और सफेद झूठ है। यदि कांग्रेस नेताओं में जरा भी सच्चाई है, तो वे अनर्गल प्रलाप करने के बजाय जनता के सामने इसके ठोस तथ्य और प्रमाण पेश करें। ऐसा नहीं करने पर अपने इस सफेद झूठ के लिए बिना शर्त माफी मांगें। 'छत्तीसगढ़ का सम्मान है बीएसपी' भाजपा सांसद वर्मा ने कहा कि भिलाई स्टील प्लांट केवल एक औद्योगिक प्रतिष्ठान नहीं, बल्कि भिलाई सहित समूचे छत्तीसगढ़ के मान-सम्मान, अस्मिता और लाखों श्रमिकों के पसीने की पहचान है। जब भी कांग्रेस राजनीतिक रूप से अप्रासंगिक होती है, वह जनता में भय और भ्रम फैलाने का षड्यंत्र रचने लगती है। जनाधार खो चुके भूपेश बघेल और देवेंद्र यादव जैसे कांग्रेस नेता आज हताशा और कुंठा में इस कदर घिर चुके हैं कि वे राज्य के गौरव से जुड़े संयंत्र को लेकर भी खुलेआम अफवाहें फैलाने का शर्मनाक कृत्य कर रहे हैं। 'कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं' भाजपा सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार भिलाई इस्पात संयंत्र के आधुनिकीकरण, क्षमता विस्तार और इसे नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए वर्मा ने कहा कि अपने शासनकाल में भ्रष्टाचार और घोटालों के कीर्तिमान रचने वाली कांग्रेस के पास आज कोई जनसरोकार का मुद्दा नहीं बचा है। केवल सनसनी फैलाने और अपना राजनीतिक वजूद बचाए रखने के लिए कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व झूठ की फैक्ट्री चला रहा है। जनता कांग्रेस के इस कपटपूर्ण एजेंडे को अच्छी तरह समझ चुकी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 19, 2026, 04:28 IST
भिलाई स्टील प्लांट की बिक्री!: लक्ष्मी बोलीं- ये कांग्रेस का दुष्प्रचार, कुंठाग्रस्त हैं कांग्रेसी,माफी मांगें #CityStates #Chhattisgarh #Raipur #BhilaiSteelPlant #CgRajyaSabhaMpLakshmiVerma #Congress #SubahSamachar
