धानापुर में पैसे के लेन-देन के विवाद में हवाई फायरिंग, दो पक्ष हिरासत में;video

चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र के रामरजाय चट्टी पर पैसे के लेन-देन के विवाद को लेकर रविवार को शाम लगभग 5 बजे दो पक्षों के बीच मारपीट के दौरान हवाई फायरिंग होने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर भारी भीड़ जुट गई। राहत की बात यह रही कि गोली किसी को नहीं लगी। मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, विवाद डबरिया गांव निवासी लाखन सिंह और धीना थाना क्षेत्र के महुरा गांव निवासी कलाधर सिंह उर्फ लालबहादुर सिंह के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर हुआ। बताया जा रहा है कि पैसों को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस दौरान जमकर लाठी डंडा चला और एक पक्ष से दो फायर किया गया प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोली फंस जाने के कारण कोई अनहोनी नहीं हुई नहीं तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही सकलडीहा के क्षेत्राधिकारी (सीओ) कृष्ण मुरारी शर्मा थाना धीना सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति द्वारा हवाई फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है। सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मारपीट में कलाधर सिंह उर्फ लालबहादुर सिंह घायल हुए हैं। दोनों पक्ष से पूछताछ करते हुए विधिक कार्यवाही की जा रही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 06, 2026, 14:10 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


धानापुर में पैसे के लेन-देन के विवाद में हवाई फायरिंग, दो पक्ष हिरासत में;video #SubahSamachar