शिया मस्जिद में विस्फोट के विरोध में श्रावस्ती में पाकिस्तान का पुतला फूंका गया
पाकिस्तान में हुए बम ब्लास्ट को लेकर यूपी के श्रावस्ती में सोमवार की रात जमुनहा तहसील क्षेत्र में शिया समुदाय के लोग सड़क पर उतरे। इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान मुर्दाबाद और आतंकवाद मुर्दाबाद के नारे लगाए। पाकिस्तान का पुतला भी फूंका। इस दौरान पाकिस्तान के प्रधानमंत्री और सेना प्रमुख आसिम मुनीर का भी पुतला जलाया गया। प्रदर्शन और नारेबाजी के बाद सभी ने नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन शिया समुदाय के अंजुमन हुसैनिया नासिरगंज की तरफ से किया गया। हिंदू समुदाय के लोग भी आतंकवाद के खिलाफ शिया समुदाय के प्रदर्शन में शामिल हुए। सभी ने मृतकों के लिए दो मिनट का मौन रखा। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे अम्मार रिजवी, शादाब हुसैन, रेहान हुसैन, मीसम, आरिज़ सकलैन हैदर, मौलाना ताजुद्दीन आदि ने बताया कि छह फरवरी को पाकिस्तान के इस्लामाबाद में शिया जामा मस्जिद में बम ब्लास्ट किया गया। इसमें हमारे कई लोग शहीद हो गए। उन्होंने कहा कि आतंकवाद और इस्लाम का दूर-दूर तक कोई रिश्ता नहीं है। जहां आतंकवाद है, वहां इस्लाम नहीं है। जहां इस्लाम है, वहां आतंकवाद नहीं है। आतंकवाद के खिलाफ प्रदर्शन में आरएसएस, विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता भी शामिल हुए।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 10, 2026, 10:07 IST
शिया मस्जिद में विस्फोट के विरोध में श्रावस्ती में पाकिस्तान का पुतला फूंका गया #SubahSamachar
