झज्जर: ग्रामीण सफाई कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर दिया धरना

ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन ने अपनी मांगों को लेकर लघु सचिवालय पर एकदिवसीय विरोध प्रदर्शन किया व अपनी मांगों का ज्ञापन झज्जर डीडीपीओ निशा तंवर को दिया।प्रदर्शन की अध्यक्षता झज्जर ब्लॉक प्रधान सुनील व संचालन जिला सचिव संदीप कुमार मारौत ने किया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों को संबोधित करते हुए संदीप कुमार ने कहा कि पिछले 11 साल के अपने कार्यकाल में भाजपा की सरकार ने एक भी सफाई कर्मचारी की स्थाई भर्ती नहीं की और ना ही किसी कच्चे सफाई कर्मचारी को पक्का किया, जो सफाई कर्मचारी विरोधी होने का बड़ा सबसे सबूत है। उन्होंने कहा कि ये सरकार अपने ही वायदों और घोषणाओं से बार बार मुकरने का रिकॉर्ड बना चुकी है। खुद मुख्यमंत्री अपने मुंह से कही हुई बातों से बदलते दिखाई दिए हैं। इसका उदाहरण 24 नवंबर 2024 को जींद में डीएससी समाज के महासम्मेलन में ग्रामीण सफाई कर्मियों के लिए 26 हजार और शहरी सफाई कर्मियों के लिए 27 हजार वेतन देने की घोषणा हवा-हवाई साबित हो चुकी है। उसके बाद 11 जून को कबीर जयंती पर सिरसा में 2100 रुपये बढ़ोतरी का भी आजतक ग्रामीण सफाई कर्मियों के लिए कोई पत्र जारी नहीं किया जबकि शहरी सफाई कर्मियों के लिए ये पत्र 9 अगस्त को जारी हो चुका है और उनको के मिलना भी शुरू हो चुका है। उन्होंने बताया कि 10 से 12 फरवरी सभी विधायकों को ज्ञापन, बजट सत्र पर जिलों पर संयुक्त हल्ला बोल प्रदर्शन, 1 से 15 मार्च तक राज्य भर में सफाई कर्मचारी शोषण मुक्ति यात्रा निकालते हुए 20 मार्च से सभी विभागों के सफाई कर्मी और सीवरमैन ऑल सफाई कामगार संघर्ष समिति, हरियाणा के बैनर पर हड़ताल करके सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन के लिए मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी हरियाणा सरकार की होगी। इस अवसर पर मातनहेल ब्लॉक प्रधान राम भगत, अशोक, सीआईटी यू की संयोजक किरण ने संबोधित किया।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Dec 04, 2025, 20:06 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


झज्जर: ग्रामीण सफाई कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर दिया धरना #SubahSamachar