बहादुरगढ़: सीवर जाम, सड़क पर गंदा पानी और बदबू से बेहाल लाइनपार, वार्ड-3 के लोगों का फूटा गुस्सा, जल्द समाधान की मांग की

बहादुरगढ़। बरसात शुरू होते ही शहर के लाइनपार क्षेत्र में सीवर व्यवस्था की पोल खुल गई है। वार्ड नंबर-3 में सीवर लाइन जाम होने से मुख्य सड़क पर गंदा और बदबूदार पानी भर गया है। इससे लोगों का शहर में आना-जाना मुश्किल हो गया है, जबकि कॉलोनी के अधिकांश सीवर भी ओवरफ्लो होने लगे हैं। लोगों ने प्रशासन से जल्द सीवर लाइन दुरुस्त कर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सड़क पर फैले सीवर के गंदे पानी और बदबू के कारण क्षेत्र का वातावरण दूषित हो गया है। गंदे पानी में मच्छर पनप रहे हैं, जिससे मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। लोगों का आरोप है कि इस समस्या की शिकायत कई बार संबंधित अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वार्ड-3 के लोगों ने अपने पार्षद पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि वोट मांगने के लिए घर-घर पहुंचते हैं, लेकिन अब जब क्षेत्र गंभीर समस्या से जूझ रहा है तो कोई सुध लेने नहीं आ रहा। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मुख्य सड़क पर जमा सीवर के गंदे पानी की तत्काल निकासी कराई जाए, जाम पड़े सीवरों की सफाई कर उन्हें चालू किया जाए और भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए सीवर व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 12, 2026, 18:35 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


बहादुरगढ़: सीवर जाम, सड़क पर गंदा पानी और बदबू से बेहाल लाइनपार, वार्ड-3 के लोगों का फूटा गुस्सा, जल्द समाधान की मांग की #SubahSamachar