रायबरेली में मुराईबाग-फतेहपुर मार्ग पर तीन घंटे थमी रही वाहनों की रफ्तार
रायबरेली में मुराईबाग-फतेहपुर मार्ग पर तीन घंटे तक वाहनों की रफ्तार थमी रही। हालात ये रहे कि मुराईबाग कस्बा से लेकर गंगा नदी पुल तक वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। बेतहाशा गर्मी में जाम में फंसे लोग पसीने से तर बतर नजर आए। जाम इस कदर रहा कि जो जाम फंसा रहा, वहीं घंटों फंसा रहा। खास बात ये रही कि मुराईबाग और डलमऊ चौकी पुलिस में तैनात पुलिसकर्मी भी नदारद रहे। मामला सीओ डलमऊ तक पहुंचा तो उन्होंने पुलिसकर्मियों को मौके पर भेजकर जाम हटवाकर यातायात सामान्य कराया। गेगासो गंगा नदी पुल से आवागमन सुचारू रूप से शुरू न होने के कारण ज्यादातर ट्रक, डंपर समेत अन्य बड़े वाहन डलमऊ गंगा नदी से पुल होकर आते जाते हैं। सड़क भी खस्ताहाल है। भारी वाहनों के गुजरने के बाद भी इसको लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। वैसे तो जाम हर दिन लगता है, लेकिन शनिवार एक बजे से लेकर तीन बजे तक मुराईबाग कस्बे से गंगा नदी पुल तक जाम लगा रहा। आवागमन सुचारू रूप से संचालन कराने के लिए करीब डेढ़ किमी की दूरी पर दौ पुलिस चौकियां स्थापित की गई हैं। बावजूद चौकियों पर तैनात जिम्मेदार इसको लेकर गंभीर नहीं रहते हैं। यही वजह रही कि गर्मी में जाम में फंसे लोग बेहाल नजर आए।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 29, 2026, 08:22 IST
रायबरेली में मुराईबाग-फतेहपुर मार्ग पर तीन घंटे थमी रही वाहनों की रफ्तार #SubahSamachar
