सरकार व शासन-प्रशासन की सुद्धि-बुद्धि के लिए आंदोलनकारियों ने किया हवन
भटवाड़ी में अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर धरने पर बैठे टकनौर क्षेत्र के ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार और शासन-प्रशासन की सुद्धि-बुद्धि के लिए हवन किया। ग्रामीणों का कहना है कि आठ दिन बीत जाने के बावजूद भी कोई उनकी सुध लेने नहीं पहुंचा है। इसलिए अब उग्र रणनीति के साथ आंदोलन को तेज किया जा रहा है। इसके बाद प्रशासनिक कार्यालयों में तालाबंदी सहित गंगोत्री हाईवे पर चक्का जाम की रणनीति भी तैयार किया गया है। भटवाड़ी विकासखंड के टकनौर क्षेत्र के ग्रामीण पिछले आठ दिनों से केंद्रीय विद्यालय सहित गंगोत्री हाईवे चौड़ीकरण सहित तहसील के कार्यालयों में अधिकारियों की मौजदूगी की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। लेकिन आठ दिन बाद भी शासन-प्रशासन की ओर से अधिकारियों के वहां पर न पहुंचने पर नाराजगी जताई। साथ ही अब उग्र आंदोलन की रणनीति के साथ इसे तेज करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। बृहस्पतिवार को रामलीला मैदान में शासन-प्रशासन व प्रदेश सरकार की सुद्धि-बुद्धि के लिए विधिविधान से हवन किया गया। ग्रामीणों ने कहा कि इस हवन से शायद निति-निर्धारकों की नींद टूटेगी। साथ ही अब अपनी मांगों के लिए आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। एक ओर केंद्र और राज्य सरकारी सीमांत क्षेत्रों में विकास और पलायन रोकने की बात कर रही है। दूसरी ओर सीमांत क्षेत्र के लोगों की उपेक्षा की जा रही है। कहा कि सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं न मिलने के कारण आज वह पलायन के लिए मजबूर हैं। कहा कि अब तिथिवार उग्र आंदोलन के तहत रणनीति तैयार की गई है। उसके अनुसार ही आगे की लड़ाई लड़ी जाएगी। इस मौके पर केशव नौटियाल, विवेक नौटियाल, रमेश नेगी, विपिन राणा, दीपा रावत, देवेंद्री देवी, पार्वती रमोला, आकाश नेगी, लक्ष्मण रावत, धमेंद्र, ओमप्रकाश, प्रदीप रावत आदि मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 02, 2026, 19:45 IST
सरकार व शासन-प्रशासन की सुद्धि-बुद्धि के लिए आंदोलनकारियों ने किया हवन #SubahSamachar
