Video: धार्मिक स्थल में दूसरा टावर लगाने का विरोध, लोगो ने हंगामा काटा

काशीपुर। पहले से ही लगे टावर के पास दूसरी कंपनी का टावर लगाने का प्रयास करने पर कालोनी के लोग भड़क गए। विरोध पर कंपनी के लोगों को फिलहाल वहां से अपना ताम-झाम समेटना पड़ा। इस विवाद पर चर्चा के लिए विकास प्राधिकरण के सचिव ने बृहस्पतिवार को नगर निगम में दोनों पक्षों को बुलाया है। कुंडेश्वरी रोड पर एक धार्मिक स्थल के परिसर में बुधवार को एक दूरसंचार कंपनी का टावर लगाया जा रहा था। इसके पास ही दूसरी कंपनी का टावर है। वहां टावर लगाए जाने की भनक लगते ही सैकड़ों की संख्या में विशालनगर कालोनी के महिला पुरुष एकत्र हो गए। एक स्वर से वहां टावर लगाने का विरोध शुरु कर दिया। उनका कहना था कि घनी आबादी के बीच टावर लगाने से तमाम तरह की बीमारियों का खतरा है। आपदा की स्थिति में टावर गिरने की आशंका भी रहती है। कालोनीवासियों का आरोप था कि दूरसंचार कंपनी के कर्मियों ने वहां से अमरुद समेत अन्य हरे पेड़ भी काट लिए। विवाद की सूचना पर आईटीआई थाने से पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। विरोध होने पर फिलहाल काम रुकवा दिया है। बृहस्पतिवार को विकास प्राधिकरण के सचिव जयकिशन दोनों पक्षों को सुनेंगे। वहां पूर्व पार्षद आनंद कुमार, समरपाल सिंह, नृपेंद्र चौहान, नीरज चौहान, निशा ठाकुर, उर्मिला, सौम्या, विकास कुमार आदि मौजूद थे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 02, 2026, 06:32 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


Video: धार्मिक स्थल में दूसरा टावर लगाने का विरोध, लोगो ने हंगामा काटा #SubahSamachar