नारनौल मांगों को लेकर नगर परिषद सफाई कर्मचारियों ने लघुसचिवालय में किया प्रदर्शन ।
नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर नगर परिषद के सफाई कर्मचारी एवं अग्निशमन विभाग के कर्मचारी अपनी प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल पर हैं। इसी बीच शुक्रवार को सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर कर्मचारियों ने जिला स्तरीय प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन एसडीएम अनिरुद्ध यादव को सौंपा। प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला प्रधान कौशल यादव ने की, जबकि संचालन राहुल सारवान ने किया। प्रदर्शन में विभिन्न विभागों के कर्मचारी शामिल हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लघु सचिवालय पहुंचे। कर्मचारियों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपकर उन्हें जल्द पूरा करने की मांग की। कर्मचारियों ने मांग की कि कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाए, ठेका प्रथा समाप्त की जाए तथा कौशल रोजगार निगम को भंग कर इसके माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों को नियमित किया जाए। 13 मई 2026 को हरियाणा सरकार और नगर पालिका कर्मचारी संघ के बीच हुए समझौते को लागू करने की मांग उठाई गई। इसके अलावा अग्निशमन विभाग में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए कर्मचारियों के परिवारों को 50-50 लाख रुपये मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी रखी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 07, 2026, 12:52 IST
नारनौल मांगों को लेकर नगर परिषद सफाई कर्मचारियों ने लघुसचिवालय में किया प्रदर्शन । #SubahSamachar
