रोहतक:मनीषा हत्याकांड: ट्रांजिट रिमांड पर हिमांक मित्तल को लेकर शिमला रवाना हुई पुलिस
माई सिटी रिपोर्टर रोहतक। शिमला के बहुचर्चित मनीषा मित्तल हत्याकांड में साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार मृतका के भाई हिमांक मित्तल को हिमाचल प्रदेश पुलिस बुधवार को चार बजे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर शिमला रवाना हो गई। अदालत ने सिविल अस्पताल के डॉक्टरों की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर ट्रांजिट रिमांड की अनुमति दी। शिमला पुलिस सोमवार रात हिमांक मित्तल को गिरफ्तार करने रोहतक पहुंची थी। पुलिस ने तुरंत आरोपी को घर के अंदर ही हिरासत में ले लिया था। मंगलवार को आरोपी का ट्रांजिट रिमांड के लिए जेएमआईसी हिमांशु आर्या की अदालत में अर्जी दी। अदालत ने हिमांक की ताजा मेडिकल रिपोर्ट मांगी। क्योंकि हिमांक पर अज्ञात हमलावरों ने एक जून की रात को हमला करके हाथ व पैर तोड़ दिए थे। आरोपी तभी से घर के अंदर ही अपना इलाज करवा रहा था। 13 जून की शाम उसकी बहन मनीषा की शिमला में हत्या कर दी गई। शिमला पुलिस ने शूटर झज्जर निवासी आशीष अहलावत व रोहतक के सुनारिया निवासी दीपक को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने रोहतक के भैंयापुर गांव निवासी गोविंद के इशारे पर हत्या की है। पुलिस ने विदेश से लौटे गोविंद को गिरफ्तार कर लिया। गोविंद ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसने मनीषा के भाई हिमांक मित्तल के कहने पर मनीषा की हत्या कराई है। पुलिस ने गोविंद के बाद हिमांक मित्तल को हत्या की साजिश के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। अब बुधवार को ट्रांजिट वारंट पर लेकर पुलिस रवाना हो गई। अब शिमला कोर्ट में आरोपी को पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने का प्रयास करेगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 01, 2026, 19:23 IST
रोहतक:मनीषा हत्याकांड: ट्रांजिट रिमांड पर हिमांक मित्तल को लेकर शिमला रवाना हुई पुलिस #SubahSamachar
