हांसी में सिंचाई विभाग के जेई व कैनाल गार्ड पर हमला, सबूत मिटाने के लिए छीने दो फोन; सरकारी गाड़ी पर भी हमला
हांसी में नहरी विभाग द्वारा टेल तक पानी पहुंचाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के बीच विवाद गहरा गया है। पहले नहर से अवैध रूप से ट्यूब लगाकर पानी चोरी करने के आरोप में 25 लोगों पर मामला दर्ज किया गया था। अब विभाग के कर्मचारियों पर हमले का मामला खरकड़ा में सामने आया है। इस दौरान सिंचाई विभाग के दो जेई और एक कैनाल गार्ड के साथ मारपीट की गई, जिसमें एक कर्मचारी को गंभीर चोट लगने पर हिसार रेफर करना पड़ा। सरकारी वाहन पर भी हमला किया और घटना के सबूत मिटाने के उद्देश्य से टीम के दो मोबाइल फोन छीन लिए। क्योंकि दोनों फोनो में सबूत के तौर पर वीडियो बनाई गई थी। घटना के बाद सिंचाई विभाग के कर्मचारियों में भारी रोष है। सिंचाई विभाग कर्मचारी यूनियन ने 24 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर हड़ताल की चेतावनी दी है। पुलिस को सूचना दे दी गई है। आपको बता दें कि नहरी पानी की चोरी रोकने और टेल तक हर किसान को उसके हिस्से का पानी मिले। इसी के उद्देश्य से कार्रवाई की जा रही है। विभाग की टीम आज हांसी के जिले के गांव खरकड़ा में मौके पर पहुंची और अवैध रूप से नहर से पानी चोरी करने वालों पर कार्यवाही की। किसानों पर आरोप लगे है कि विभाग के जेई जितेंद्र जाखड़, जेई अंकित बिसला और कैनाल गार्ड सचिन को किसानों द्वारा मारपीट की गई। इस दौरान उनके सबूत मिटाने के लिए दो मोबाइल फोन छीनने का आरोप लगा है। इस घटना में दो जेई को चोटें आईं, जबकि कैनाल गार्ड सचिन की हालत गंभीर होने पर उसे उपचार के लिए हिसार रेफर किया गया। जेई अंकित बिसला ने बताया कि नहरी विभाग टेल तक पानी पहुंचाने के उद्देश्य से लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी अभियान के तहत पहले नहर पर करीब 150 मीटर तक अवैध रूप से ट्यूब लगाकर पानी चोरी करने के आरोप में 25 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। सिंचाई विभाग यूनियन हांसी के प्रधान अशोक यादव ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो विभाग के सभी कर्मचारी हड़ताल पर चले जाएंगे, जिससे विभाग का कामकाज पूरी तरह ठप हो सकता है। कैनाल गार्ड सचिन का कहना है कि हम नहरी पानी की चोरी रोकने और टेल तक पानी पहुंचाने के अभियान के तहत ड्यूटी पर थे। कार्रवाई के दौरान कुछ किसानों ने हमारे ऊपर हमला कर दिया, जिसमें हमें चोटें आईं। हम चाहते हैं कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त और निष्पक्ष कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी सरकारी कर्मचारी अपनी ड्यूटी के दौरान इस तरह के हमले का शिकार न हो। हमारे दो फोन सबूत मिटाने के लिए छीन लिए गए। ओर गाड़ी पर भी हमला किया है। सदर थाना प्रभारी पवित्र ने बताया कि सिंचाई विभाग की शिकायत हमें मिली है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 30, 2026, 12:22 IST
हांसी में सिंचाई विभाग के जेई व कैनाल गार्ड पर हमला, सबूत मिटाने के लिए छीने दो फोन; सरकारी गाड़ी पर भी हमला #SubahSamachar
