कांवड़ मेला को देखते हुए रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश
आगामी कांवड़ मेल को देखते हुए मेला प्रशासन ने रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा करने तथा कांवड़ियों की सुरक्षा और निर्बाध आवागमन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। मेला अधिकारी सोनिका के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक निशा यादव एवं अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती के नेतृत्व में पुलिस, मेला प्रशासन तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने गुरुवार को रोड़ी बेलवाला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन एडमिन रोड, बॉक्स कल्वर्ट पुल तथा आसपास के क्षेत्रों में चल रहे निर्माण कार्यों एवं प्रस्तावित यातायात व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माण एजेंसियों को एडमिन रोड पर पड़ी निर्माण सामग्री एवं मलबे को तत्काल हटाने, सड़क के गड्ढों को भरकर समतलीकरण करने तथा मार्ग पर मौजूद सभी अवरोधों को दूर कर आवागमन को सुरक्षित एवं सुचारु बनाने के निर्देश दिए। साथ ही पूरे रोड़ी बेलवाला क्षेत्र का शीघ्र समतलीकरण करने की भी हिदायत दी गई।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 02, 2026, 20:00 IST
कांवड़ मेला को देखते हुए रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश #SubahSamachar
