नारनौल:जिस विभाग के खिलाफ शिकायत वही जांच कैसे करेगा: मंत्री विपुल गोयल

संवाद न्यूज एजेंसी नारनौल।जिसके खिलाफ शिकायत वही जांच कैसे करेगा। जब पंचायती राज विभाग के खिलाफ शिकायत है तो निष्पक्ष जांच होने की संभावना कम रहती है। यह बातें मंगलवार को सभागार में आयोजित जन परिवेदना समिति की बैठक में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने कहीं। उन्होंने पंचायती राज विभाग की जगह पीडब्ल्यूडी एक्सईएन से जांच करवाने का निर्देश दिया। वहीं आगामी बैठक से पहले जांच पूरी करने का भी निर्देश दिया। शिकायतकर्ता पंचायत समिति उपप्रधान के प्रतिनिधि प्रवीण ने कहा कि पंचायती राज विभाग के एक्सईएन ने आज तक सैंपल नहीं लिए हैं। जबकि पीछे रातों-रात बोर्ड भी लग गए और उनके नीचे बेंच भी। जब रातों-रात इस तरह से घोटाला दबाया जा रहा है, तो इस जांच का क्या मतलब रह जाता है यह मामला पिछले 4 महीनों से अटका हुआ है। इस पर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने आगे की जांच पीडब्ल्यूडी एक्सईएन से करवाने का निर्देश दिया। हालांकि इस दौरान मंत्री ने शिकायतकर्ता से कहा कि आप किस पार्टी से है तो उसने कहा मैं तो भाजपा से ही हूं। वहीं चेयरमैन के बारे में पूछा तो प्रतिनिधि ने कहा कि यह उसे नहीं पता। वहीं मोहनपुर गांव के मामले में परिवादी की शिकायत सुनते हुए अवैध रूप से डस्ट नहीं डालने के निर्देश दिए। साथ ही इस मामले में धर्मकांटा लगाने के लिए दूसरे पक्ष को मंत्री ने स्वीकृति दे दी। उनिन्दा निवासी बलवान ने अपने रिहायशी मकान के ऊपर से एपी का 11 केवी ट्रांसफार्मर व 11 केवी की लाइन जा रही है। जिससे कभी भी जान माल को खतरा हो सकता है। इस पर मंत्री ने जल्द ही समाधान करने का निर्देश दिया। पिस्तौल खिलौना भी है तो उसे बरामद तो करो: कनीना के गुढ़ा के रहने वाले सज्जन सिंह ने कहा कि उसके पिता को बहला फुसलाकर जमीन अन्य लोगों ने अपने नाम करवा ली। साथ ही आए दिन वह उसे व उसकी पत्नी को परेशान कर रहे हैं। उनके पास पिस्तौल भी जिसे अब तक पुलिस बरामद नहीं कर पाई है। इस पर डीएसपी ने कहा कि जिस पिस्तौल की बात कर रहे वह खिलौना था। जिस पर मंत्री ने कहा कि कुछ भी हो उसे बरामद तो करों। साथ ही पति पत्नी की सुरक्षा मुहैया भी पुलिस को करवाने का निर्देश दिया। बुजुर्ग माता-पिता की मुआवजा फाइल को दोबारा खोलने का दिया निर्देश: मांडोला गांव में करंट लगने से जान गंवाने वाले इकलौते बेटे के बुजुर्ग माता-पिता की मुआवजा फाइल को दोबारा खोलकर उचित आर्थिक सहायता देने के लिए फिर से केस भेजने के निर्देश दिए। कोरियावास गांव में पंचायती जमीन पर हुए अवैध कब्जों के संबंध में उन्होंने कहा कि इन मामलों पर सरकार विचार विमर्श कर रही है। सरकार जल्द ही इस पर कोई फैसला लेगी। राजस्व रिकॉर्ड की मानवीय त्रुटि के कारण भूमि अधिग्रहण के मुआवजे से वंचित चल रही एक बुजुर्ग विधवा महिला के मामले में जिला राजस्व अधिकारी को रिकॉर्ड सुधार कर तुरंत न्याय दिलाने की हिदायत दी गई।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 30, 2026, 21:11 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


नारनौल:जिस विभाग के खिलाफ शिकायत वही जांच कैसे करेगा: मंत्री विपुल गोयल #SubahSamachar