Shimla: राज्यपाल ने दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग वितरित किए, कहा- सेवा और संवेदनशीलता से बदल रही हैं जिंदगियां

हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल काविंद्र गुप्ता ने मंगलवार को शिमला के लोक भवन में आयोजित कृत्रिम अंग वितरण शिविर का शुभारंभ किया। गैर-सरकारी संस्था एक्ट ह्यूमेन (ACT Humane) और हिमाचल प्रदेश राज्य रेडक्रॉस सोसायटी के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस शिविर में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए करीब 15 दिव्यांगजनों को आधुनिक कृत्रिम अंग उपलब्ध कराए गए। शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजनों को दोबारा चलने-फिरने में सक्षम बनाना और उन्हें आत्मनिर्भर जीवन की ओर प्रेरित करना था। इस अवसर पर ऊना, कांगड़ा, रोहड़ू, शिमला और सिरमौर से आए लाभार्थियों को कृत्रिम अंग वितरित किए गए। इससे पहले 4 जून को राज्य रेडक्रॉस भवन में पंजीकरण और मूल्यांकन शिविर लगाकर पात्र लाभार्थियों का चयन किया गया था। राज्यपाल ने लाभार्थियों से बातचीत करते हुए कहा कि जीवन में आने वाली कठिन परिस्थितियां किसी व्यक्ति की क्षमता को सीमित नहीं कर सकतीं। उन्होंने कहा कि ऐसे मानवीय प्रयास केवल शारीरिक सहायता ही नहीं देते, बल्कि लोगों में आत्मविश्वास, सम्मान और नई उम्मीद भी जगाते हैं। उन्होंने एक्ट ह्यूमेन और राज्य रेडक्रॉस सोसायटी की सराहना करते हुए कहा कि दोनों संस्थाएं जरूरतमंद दिव्यांगजनों तक आधुनिक सहायक उपकरण नि:शुल्क पहुंचाकर समाज में सेवा और संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रही हैं। राज्यपाल ने दिव्यांगजनों से सरकारी और सामाजिक संस्थाओं की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास, दृढ़ इच्छाशक्ति और उचित सहयोग के बल पर हर व्यक्ति सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन जी सकता है। साथ ही समाज से दिव्यांगजनों के लिए समान अवसर और सुगम वातावरण सुनिश्चित करने का आह्वान भी किया। कार्यक्रम में एक्ट ह्यूमेन की संस्थापक हरलीन कौर ने संस्था की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि संगठन प्रदेश के विभिन्न जिलों में कृत्रिम अंग वितरण शिविर आयोजित कर चुका है और जरूरतमंद मरीजों को आर्थिक सहायता भी प्रदान कर रहा है। उन्होंने बताया कि संस्था सार्वजनिक स्थलों को दिव्यांगजन अनुकूल बनाने की दिशा में भी कार्य कर रही है। सोलन के चिल्ड्रन पार्क के अलावा शिमला के रानी झांसी पार्क और ब्रॉकहर्स्ट पार्क को व्हीलचेयर उपयोगकर्ताओं के लिए अधिक सुगम बनाया गया है। कार्यक्रम में एक्ट ह्यूमेन हिमाचल के प्रबंधक योगेश शर्मा ने भी संस्था की परियोजनाओं की जानकारी साझा की। इस दौरान राज्यपाल के सचिव संदीप भारद्वाज सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 30, 2026, 16:33 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


Shimla: राज्यपाल ने दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग वितरित किए, कहा- सेवा और संवेदनशीलता से बदल रही हैं जिंदगियां #SubahSamachar