फरीदाबाद: शराब ठेके के पास युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया पीट-पीटकर हत्या का आरोप; पुलिस जांच में जुटी

फरीदाबाद। सेक्टर-4 इंडस्ट्रियल एरिया स्थित शराब के ठेके के पास रविवार रात 38 वर्षीय युवक प्रशांत गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। परिजन उसे तत्काल निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि पैसों के लेनदेन के विवाद में चार से पांच लोगों ने मिलकर प्रशांत की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। मृतक के भाई विकास के अनुसार प्रशांत का चावला कॉलोनी स्थित माहेश्वरी कम्युनिकेशन के संचालक शिवम के साथ पैसों का लेनदेन था। रविवार शाम प्रशांत अपने पैसे मांगने के लिए शिवम के पास गया था। आरोप है कि शिवम उसे सेक्टर-4 स्थित शराब के ठेके के पास ले गया, जहां दोनों ने शराब पी। इसके बाद पैसों को लेकर विवाद हो गया और शिवम सहित चार-पांच लोगों ने प्रशांत के साथ मारपीट की। परिजनों का कहना है कि प्रशांत के शरीर पर गंभीर चोटों के कई निशान थे। उन्होंने शिवम, प्रीतम और बालाजी समेत अन्य लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रशांत एक निजी कंपनी में कार्यरत था और अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके तीन छोटे बच्चे हैं। परिजनों के अनुसार पैसों के विवाद के कारण वह लंबे समय से मानसिक तनाव में था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सेक्टर-8 पुलिस चौकी प्रभारी बिट्टू सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत मिल चुकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 06, 2026, 14:08 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


फरीदाबाद: शराब ठेके के पास युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया पीट-पीटकर हत्या का आरोप; पुलिस जांच में जुटी #SubahSamachar