VIDEO: झोपड़ी में रह रहे परिवार को आवास की दरकार, सताता है सांपों का डर
एटा के जैथरा क्षेत्र के बड़ा गांव में एक श्रमिक परिवार डेढ़ दशक से गांव के बाहर झोपड़ी में रहने को मजबूर है। प्रधान के प्रयास के बाद भी श्रमिक परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास नहीं मिल सका है। गांव का अनिल शाक्य ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता था। इस कारण वह परिवार संग जिले से बाहर रहता था। पथाई में मिट्टी में रसायनिक पदार्थ के उपयोग से उसके हाथों में संक्रमण होने से सूजन की समस्या पैदा हो गई। काम करने में असमर्थ होने के कारण परिवार संग गांव लौट आया। वापस आने पर उसके कच्चे पैतृक आवास को तुड़वाकर उसके दो अन्य भाइयों ने पक्के मकान बना लिए। पैतृक मकान में जगह न मिलने पर वह परिवार संग गांव के बाहर झोपड़ी बनाकर रहने लगा। झोपड़ी में रहने पर अक्सर सर्प दिखने पर उसके बच्चे भयभीत रहते हैं। सर्प के डर की वजह से बच्चे रात में चैन से सो भी नहीं पाते हैं। बीडीओ जैथरा अजीत कुमार ने बताया कि श्रमिक अनिल ने कभी अपनी समस्या बताने को उनसे संपर्क नहीं किया है। यदि वह पात्र है तो उसके लिए अवश्य आवास की व्यवस्था की जाएगी। आवेदन करने पर उसको आवास दिलाया जाएगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 06, 2026, 15:10 IST
VIDEO: झोपड़ी में रह रहे परिवार को आवास की दरकार, सताता है सांपों का डर #SubahSamachar
