शराब पीने के दौरान हुआ था विवाद, तेजधार हथियार से कर दी हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी रेवाड़ी। थाना शहर पुलिस ने 24 जून को रेलवे चौक के पास हुई अज्ञात व्यक्ति की हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के गांव मांडण निवासी मुकेश उर्फ चौटाला तथा गांव कापड़ीवास निवासी सुखबीर के रूप में हुई है। दोनों आरोपी मृतक को नहीं जानते थे। पूछताछ और साक्ष्य जुटाने पर सामने आया कि शराब पीने के दौरान आपस में विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों आरोपियों ने व्यक्ति पर तेजधार हथियार से कई वार कर दिए और उसे गंभीर रूप से घायल छोड़कर भाग गए। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे पहचान के लिए शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया है। अभी मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है और उसकी पहचान कराने के प्रयास लगातार जारी हैं। मामले का खुलासा शुक्रवार को डीएसपी संजीव बल्हारा ने प्रेसवार्ता के दौरान किया। डीएसपी ने बताया कि 24 जून की सुबह रेलवे चौक पर ट्रैफिक ड्यूटी कर रहे होमगार्ड प्रीतम ने पुलिस को सूचना दी थी कि सुबह करीब 7 बजकर 50 मिनट पर सक्सेना नर्सिंग होम की ओर से एक करीब 40 वर्षीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में पैदल आता दिखाई दिया। जैसे ही वह सैनी टी-स्टॉल के सामने पहुंचा, अचानक सड़क पर गिर पड़ा। उसके कपड़ों पर काफी खून लगा हुआ था और पेट व छाती पर किसी तेजधार हथियार से किए गए कई वार के गहरे निशान थे। घायल व्यक्ति शराब के नशे में था और कुछ भी स्पष्ट रूप से बताने की स्थिति में नहीं था। होमगार्ड प्रीतम ने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी और आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल को एंबुलेंस के जरिए ट्रॉमा सेंटर रेवाड़ी पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। ------------ होमगार्ड की सूचना बनी जांच का अहम सुराग: प्रीतम ने पुलिस को बताया कि घटना से करीब 10 मिनट पहले उसने उसी व्यक्ति को मुकेश उर्फ चौटाला और सुखबीर के साथ राधिका सिनेमा के सामने से सक्सेना नर्सिंग होम की तरफ जाते हुए देखा था। दोनों आरोपी अक्सर रेलवे चौक के आसपास नशे की हालत में घूमते रहते थे, इसलिए वह उन्हें अच्छी तरह पहचानता था। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। -------------- दोनों आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं कई मामले: डीएसपी संजीव बल्हारा के अनुसार गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी हैं। आरोपी मुकेश उर्फ चौटाला के खिलाफ हरियाणा और राजस्थान के विभिन्न थानों में आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम, चोरी और मारपीट सहित 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं सुखबीर के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत 4 मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी और अन्य तथ्यों का पता लगाया जाएगा। साथ ही मृतक की पहचान कर उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाने के प्रयास भी तेज कर दिए गए हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 26, 2026, 17:21 IST
शराब पीने के दौरान हुआ था विवाद, तेजधार हथियार से कर दी हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार #SubahSamachar
