जगराओं में दिनदहाड़े चोरी, दवा के असर से सोए दुकानदार का मोबाइल लेकर फरार हुआ युवक
तहसील रोड स्थित ग्रेवाल पंप के सामने अग्रवाल मशीनरी स्टोर पर दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आई है। दुकान के मालिक सरजीवन बंसल को उस समय निशाना बनाया गया जब वह दोपहर के खाने के बाद अपनी दवा लेकर दुकान में ही आराम कर रहे थे। जानकारी के अनुसार सरजीवन बंसल ने दोपहर को खाना खाने के बाद दवा ली और दुकान में रखी बेंच पर लेट गए। दवा का असर होने के कारण उन्हें नींद की झपकी आ गई। इसी दौरान मुंह पर कपड़ा बांधे एक युवक सामान लेने के बहाने दुकान में दाखिल हुआ। दुकानदार को सोता देखकर आरोपी ने मौके का फायदा उठाया और काउंटर पर रखा मोबाइल फोन उठाकर फरार हो गया। घटना के बारे में जानकारी देते हुए सरजीवन बंसल के भतीजे रजनीश बंसल ने बताया कि चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। आरोपी की तस्वीरें निकालकर बस स्टैंड चौकी पुलिस को सौंप दी गई हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में शिकायत भी बस स्टैंड चौकी में दर्ज करवा दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ने के प्रयास कर रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 18, 2026, 06:36 IST
जगराओं में दिनदहाड़े चोरी, दवा के असर से सोए दुकानदार का मोबाइल लेकर फरार हुआ युवक #SubahSamachar
