चक्रवात के साथ मानसून भी आज से पूरी तरह से हो जाएगा विदा, अब चढ़ेगा पारा
यूपी से मानसून के साथ चक्रवात ने भी विदा ले ली है। मौसम विभाग के अनुसार अब किसी भी जिले में बारिश को लेकर पूर्वानुमान नहीं है। कई दिनों की बारिश के बाद प्रदेश के ज्यादातर जिलों में सोमवार को धूप खिलने से मौसम ने करवट लिया। बारिश और तेज हवाओं की रफ्तार थमने के साथ तापमान में भी बढ़ोतरी शुरू हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में सक्रिय रहा मौसम तंत्र अब कमजोर पड़ गया है। इसके असर से अगले एक सप्ताह में प्रदेश के अधिकतम तापमान में पांच से आठ डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने का अनुमान है। इससे पहले सोमवार को पश्चिमी तराई के कुछ जिलों में बारिश हुई। कई जिलों में बादलों की आवाजाही भी रही। बिजनौर में सर्वाधिक 95 मिमी बारिश दर्ज की गई। मुरादाबाद में 72 और अमरोहा में 71 मिमी बारिश हुई। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बारिश थमने और धूप खिलने से अब तापमान बढ़ेगा। अगले एक सप्ताह में अधिकतम तापमान में करीब पांच से आठ डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी के संकेत हैं। कई दिन तक लगातार बारिश के बाद राजधानी में बारिश थमी तो धूप खिली। इससे दिन का तापमान आठ डिग्री तक बढ़ गया। हवा में नमी बरकरार रहने से लोगों को उमस भी झेलनी पड़ी। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक मंगलवार को धूप की तल्खी और बढ़ेगी। इससे तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Sep 29, 2026, 11:10 IST
चक्रवात के साथ मानसून भी आज से पूरी तरह से हो जाएगा विदा, अब चढ़ेगा पारा #SubahSamachar
