Shimla: अनुराग ठाकुर ने जाखू मंदिर में किए हनुमान जी के दर्शन, बोले- मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प होगा साकार

पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अनुराग सिंह ठाकुर ने शिमला प्रवास के दौरान जाखू मंदिर में भगवान हनुमान के दर्शन कर देश की प्रगति और विकसित भारत के संकल्प की सफलता के लिए प्रार्थना की। इसके बाद उन्होंने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। मीडिया से बातचीत में अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने आर्थिक, सामाजिक और वैश्विक स्तर पर उल्लेखनीय प्रगति की है। उनके अनुसार, भारत विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में केंद्र सरकार की ओर से किए गए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। ठाकुर ने कहा कि एम्स बिलासपुर, सड़क और रेलवे परियोजनाएं, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जैसी पहल से प्रदेश को व्यापक लाभ मिला है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत हिमाचल की 294 ग्रामीण सड़क परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है। यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी का घोषित संकल्प है और उत्तराखंड में इसकी शुरुआत हो चुकी है। उनका कहना था कि भविष्य में अन्य राज्यों में भी इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा सकता है। पाकिस्तान को लेकर पूछे गए प्रश्न पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि पड़ोसी देश अपनी आंतरिक समस्याओं से जूझ रहा है और भारत निरंतर विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 29, 2026, 12:04 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


Shimla: अनुराग ठाकुर ने जाखू मंदिर में किए हनुमान जी के दर्शन, बोले- मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प होगा साकार #SubahSamachar